लूट की सूचना से हड़कम्प, झूठ पकड़े जाने पर युवक को भेजा जेल

मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर एक लूट की सूचना क्या वायरल हुई, थाना चरथावल क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्राम दधेडू कलां के युवक ने खुद को लूट का शिकार बताया, जिससे पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जब जांच की तो मामला कुछ और ही निकला। शुरुआती संदेह के आधार पर की गई पूछताछ में युवक ने जो सच बताया, वह चौंकाने वाला था।

इसे भी पढ़ें:  एलपीजी सिलेंडर होम डिलीवरी शुरू, अफवाहों से बचने की अपील

थाना चरथावल क्षेत्र में मंगलवार को लूट की एक झूठी सूचना ने सनसनी फैला दी। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई इस सूचना में ग्राम दधेडू कलां निवासी शिवा पुत्र सतवीर ने दावा किया था कि अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट की है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर देवव्रत वाजपेयी व प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से जंगल में कॉम्बिंग कर बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद शिवा से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शिवा पंजाब में एक भट्ठे पर काम करता है और हाल ही में घर आया था। उसने स्वीकार किया कि उसने जुए में 25,000 रुपये हारने के बाद घरवालों से डर के चलते लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। सीओ सदर देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि शिवा की दी गई लूट की सूचना पूरी तरह झूठी पाई गई है। पुलिस ने शिवा के खिलाफ भ्रामक सूचना देने व पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करने के आरोप में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसको गिरफ्तार कर लिया है। उसको जेल भेजने की तैयारी है। 

इसे भी पढ़ें:  शीरा नीति को लेकर आबकारी अधिकारी ने ली बैठक
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *