शाहपुर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े आरोपी, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ष्ऑपरेशन सवेराष् अभियान के तहत शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25.33 किलोग्राम डोडा, एक स्विफ्ट कार और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार और नशे के प्रसार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ष्ऑपरेशन सवेरा दृ नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओरष् अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में शाहपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
एसपी देहात के अनुसार 7 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर ग्राम खतौला मोड़ की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान मंडी क्षेत्र की ओर से एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिए जाने पर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और खतौला मोड़ के निकट कुटबा-कुटबी मार्ग पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। आवश्यक बल प्रयोग करते हुए कार सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन से 25.33 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन निवासी ग्राम सिखेड़ा, विपिन निवासी ग्राम आदमपुर, अमित कुमार निवासी ग्राम सहावली तथा मनीष निवासी ग्राम आदमपुर के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजस्थान के चित्तौड़गढ़ क्षेत्र से एक अज्ञात व्यक्ति से डोडा खरीदकर लाए थे। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर राहगीरों और ग्राहकों को बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी डोडा की बिक्री के उद्देश्य से ही क्षेत्र में पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पवन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। इस मामले में थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद डोडा, स्विफ्ट कार (डीएल 01 सीएजी 3856) और एक पिट्ठू बैग को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक अनिकेत धारीवाल, हेड कांस्टेबल प्रेमचंद, कांस्टेबल मोहम्मद आलीम, शिवम यादव, सोमवीर और चंद्रवीर शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।






