बैंकट हॉल में छापामार कर पुलिस ने किया मामले का खुलासा, दावत से भी मीट का सैम्पल लिया, कई लोग फरार
शामली। जनपद शामली के कैराना में वलीमा की दावत के दौरान संदिग्ध संरक्षित पशु का मीट परोसे जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। कार्रवाई में संदिग्ध मीट, एक नई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई और दूल्हा समेत दो लोगों को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की गई और अपराध साबित होने पर उनको गिरफ्तार कर लिया गया।
कैराना में एक मैरिज होम में आयोजित दावत-ए-वलीमा के दौरान कथित रूप से संरक्षित पशु का मीट परोसे जाने की सूचना पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मीट बरामद करने का दावा किया है। साथ ही एक नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी को कब्जे में लेकर दूल्हे समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि यमुना किनारे क्षेत्र में संरक्षित पशु का वध किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को वहां से पशु अवशेष मिले, जिनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया।प्राथमिक परीक्षण के बाद अवशेषों को गड्ढे में दबा दिया गया। पुलिस अब विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि संदिग्ध मीट कथित रूप से एक काले रंग की नई स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से कैराना लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोहल्ला रेतावाला स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में छापेमारी की। उस समय वहां निकाह के बाद दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम चल रहा था। पुलिस ने मौके से संदिग्ध मीट बरामद करने के साथ ही संबंधित गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दूल्हे सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि थाना कैराना पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम खुरगान के जंगल में गौकशी की घटना कारित करने वाले 02 अभियुक्तगण की गिरफ्तारी कर ली गई है। इनमें दूल्हा फरमान और उसका मामा सलमान शामिल हैं। इन लोगों ने वलीमा की दावत के लिए गौकशी करने का अपराध कबूल किया है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी की बरामदगी कर ली गई है। बैंकट हॉल मालिक की भी तलाश की जा रही है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हो रही है।






