मुजफ्फरनगर-शातिर चोर गिरोह के बदमाशों से पुलिस की सीधी मुठभेड़

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, 9 कुंतल चोरी का विद्युत तार, छोटा हाथी वाहन, तमंचे और चोरी के उपकरण बरामद

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस ने बैंक में चोरी के प्रयास और बिजली के हाईटेंशन तार चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए छह अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार अन्य आरोपियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर मौके से दबोच लिया गया।

सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को ग्राम हरसौली स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक ने शाहपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात चोरों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया और कैश सेफ को हथौड़े व अन्य औजारों से तोड़ने की कोशिश की। इस संबंध में थाना शाहपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में एसआईआर की समय सीमा 31 दिसंबर तक बढ़ी

इसके बाद 24 जुलाई 2026 को केवी पुरा-काकड़ा लाइन से बिजली का तार चोरी होने की घटना सामने आई। इस मामले में थाना शाहपुर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। बताया कि 29 और 30 जुलाई की रात शाहपुर थाना पुलिस दिनकरपुर-काकड़ा मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिनकरपुर की ओर से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर करौंदी मार्ग की ओर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर वाहन रोककर उसमें सवार छह बदमाश उतर गए और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए पास के गन्ने के खेत में घुस गए।

इसे भी पढ़ें:  MEERAPUR-मिथलेश पाल का पर्चा भरवाने उमड़े भाजपा-रालोद के नेता

पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने लगातार फायरिंग जारी रखी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अरविंद पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम बिराल, थाना बुढ़ाना तथा पारुल पुत्र कुंवरपाल कश्यप निवासी ग्राम हरसौली गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर दोनों घायलों समेत चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र रमेश निवासी ग्राम बिराल, मनीष पुत्र मुकेश निवासी ग्राम धनायन, रईस पुत्र बुद्धू तथा ताज मलिक पुत्र अलाउद्दीन निवासीगण ग्राम बेहटा हाजीपुर, थाना अंकुर विहार जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR- 42 सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 14 करोड़ जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डीएल-01 एलएएम-0456 नंबर का एक छोटा हाथी वाहन, करीब नौ कुंतल चोरी किया गया 33 केवी विद्युत तार, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस (315 बोर) तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं। घायल आरोपी अरविंद के खिलाफ मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जनपद के विभिन्न थानों में 55 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पारुल के खिलाफ 8, मोहित के खिलाफ 8 तथा मनीष के खिलाफ 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

Share This Article