धूमधाम से मनी भगवान दक्ष प्रजापति जयंती, मंत्री कपिल देव ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ

20 आकर्षक झांकियां और आठ बैंड रहे आकर्षण का केंद्र, मंत्री ने चाक चलाकर युवाओं को श्रम व स्वावलंबन का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। भगवान दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव एवं शोभायात्रा कमेटी के तत्वावधान में रामलीला टीला पर भगवान दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। हवन-पूजन और विचार गोष्ठी के बाद शहर में बैंड-बाजों, सजीव झांकियों और भव्य रथों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने रामलीला टीला से शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और प्रजापति समाज के लोगों को भगवान दक्ष प्रजापति जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान दक्ष प्रजापति का आदर्श जीवन धर्म, कर्तव्य, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।

इसे भी पढ़ें:  मीट का कारोबार करने वाली इंडियन फ्रोजन फूड कंपनी के ठिकानों पर आयकर छापा

सभा को संबोधित करने के बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल प्रजापति समाज के युवाओं के बीच पहुंचे और समाज की पारंपरिक आजीविका के प्रमुख साधन चाक को स्वयं चलाकर कच्ची मिट्टी से बर्तन बनाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को श्रम, कौशल और स्वावलंबन को अपनाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। मंत्री का यह प्रयास युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना।

शोभायात्रा रामलीला टीला से प्रारंभ होकर आबकारी रोड, भगत सिंह रोड, शिव चैक, झांसी की रानी चैक, टाउन हॉल, मालवीय चैक और अंसारी रोड से होते हुए पुनः रामलीला टीला पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल 20 आकर्षक झांकियों और आठ बैंडों ने पूरे मार्ग में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का सृजन किया। भव्य रथों पर सुसज्जित झांकियों ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों का मन मोह लिया। इससे पूर्व रामलीला टीला पर आयोजित समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शोभायात्रा कमेटी के अध्यक्ष सचिन प्रजापति, सोहनलाल प्रजापति, ब्रह्मपाल प्रजापति, लोकेश प्रजापति, दारा सिंह प्रजापति सहित समिति के पदाधिकारियों और समाज के लोगों का विशेष सहयोग रहा।

इसे भी पढ़ें:  अश्लील वीडियो अपलोड करने में दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
Share This Article