खतौली। लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के कार्यकर्ताओं ने गत रात्रि कस्बे में कैंडिल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कैंडिल मार्च का नेतृत्व जिलाध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुआ हादसा बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदेश सचिव राधे प्रणामी ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच करनी चाहिए तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जिला उपाध्यक्ष सैयद मुमताज अली ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देती हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्वक मार्च निकाला और हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अफ्फान अख्तर, फिरोज गांधी, अजय प्रणामी, अमरीश कौशिक, सुधीर धामा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहें।






