विवादों में घिरे नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही पालिका से हटाए

डॉ. अन्नु चौधरी ने संभाला कार्यभार, पालिका में लंबे समय से चल रहे विवादों के बाद डॉ. अजय की हुई पालिका से छुट्टी

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद में लंबे समय से विवादों और जांचों के केंद्र में रहे नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही को पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर डॉ. अन्नु चौधरी को नया नगर स्वास्थ्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। मंगलवार सुबह डॉ. अन्नु चौधरी ने नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप से उनके आवास पर मुलाकात की और इसके बाद पालिका कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अधिकारी से भेंट करने के उपरांत औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया।

नगरपालिका परिषद में तैनाती के शुरुआती दिनों से ही डॉ. अजय प्रताप शाही का नाम विभिन्न विवादों से जुड़ता रहा। पालिका के अधीन संचालित कमला नेहरू वाटिका में प्रभारी के रूप में कार्य करते समय हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया था, जिसके चलते उनके खिलाफ जांच कराई गई। सभासद राजीव शर्मा की शिकायत पर इस प्रकरण में उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति भी की गई थी। इसके अलावा सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज बिड़ला के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज के मामले में भी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी गई थी। इन घटनाओं के बाद डॉ. शाही की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में बनी रही।

इसे भी पढ़ें:  हाईवे पर फर्जी परिवहन अधिकारी बनकर वसूली करने वाले 8 आरोपी दबोचे

डॉ. शाही पर नगरपालिका कार्यालय से बाहर महत्वपूर्ण पत्रावलियां मंगाने, उन्हें अपने मेरठ स्थित आवास तक ले जाने तथा अनैतिक दबाव बनाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। तत्कालीन अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने इन आरोपों की जांच कराई थी। जांच में साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया था कि वे शहर के प्रमुख होटलों में बैठकर कार्यालय की पत्रावलियां मंगवाते रहे।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-शेयर मार्किट में मुनाफे का लालच देकर 31 लाख की ठगी

इन सभी मामलों को लेकर सभासद राजीव शर्मा लगातार उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे। बढ़ते विवादों और विभिन्न मामलों में कथित संलिप्तता को देखते हुए नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी को हटाने की मांग की थी। इसके बाद सीएमओ कार्यालय ने सोमवार देर रात आदेश जारी करते हुए डॉ. अजय प्रताप शाही को पद से हटाकर डॉ. अन्नु चौधरी को नगर स्वास्थ्य अधिकारी नियुक्त कर दिया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-चार टाइमर बम के साथ एक गिरफ्तार, महिला ने दिया था आर्डर

नवनियुक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नु चौधरी इससे पहले मखियाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रभारी चिकित्साधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। बाद में वे पीजी कोर्स करने के लिए शैक्षणिक अवकाश पर चले गए थे। हालांकि स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उनका कोर्स पूरा नहीं हो सका और वे पुनः सरकारी सेवा में लौट आए। अब उन्हें नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर में नगर स्वास्थ्य अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Share This Article