योग साधना आश्रम बघरा में बैठक के बाद किया ऐलान, एसएसपी से शीघ्र कार्रवाई की अपील
मुजफ्फरनगर। योग साधना आश्रम, बघरा के पीठाधीश्वरी स्वामी यशवीर ने तितावी थाना क्षेत्र के गांव लडवा में हुई मारपीट की घटना को लेकर 3 जुलाई को हिन्दू पंचायत आयोजित करने की घोषणा की है। आश्रम में आयोजित बैठक के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जारी अपने संदेश में उन्होंने घटना के आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत का आयोजन किया जाएगा।
स्वामी यशवीर ने दावा किया कि 19 जून को गांव लडवा में कश्यप समाज के एक विवाह समारोह के दौरान विवाद के बाद कुछ लोगों पर जानलेवा हमला किया गया। उनका आरोप है कि घटना में कई लोग घायल हुए तथा पीड़ित पक्ष के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी भी दी गई। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्वामी यशवीर के अनुसार, 19 जून को गांव लडवा में आयोजित विवाह समारोह में धोलरा गांव से भी लोग शामिल होने पहुंचे थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर धोलरा और लडवा के कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर शांत करा दिया। उनका आरोप है कि शाम के समय जब धोलरा निवासी अपने गांव लौट रहे थे, तभी उन पर लोहे की सरिया सहित अन्य हथियारों से हमला किया गया, जिसमें कश्यप और पाल समाज के कई लोग घायल हो गए। उन्होंने दावा किया कि एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिस पर छह टांके लगाए गए।
स्वामी यशवीर ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान धार्मिक नारे लगाए गए तथा एक दलित युवक के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि इस मामले को उठाने के बाद तितावी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने मुजफ्फरनगर के पुलिस कप्तान संजय वर्मा से मामले का संज्ञान लेकर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 3 जुलाई तक सभी आरोपितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उसी दिन दोपहर तीन बजे गांव लडवा में आरोपितों की बस्ती के बाहर हिन्दू पंचायत आयोजित की जाएगी। स्वामी यशवीर ने विभिन्न हिन्दू संगठनों, समाज के लोगों तथा महिलाओं से बड़ी संख्या में पंचायत में शामिल होने का आह्वान भी किया। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






