सहारनपुर बस स्टैण्ड पर मिला था अज्ञात शव, लिखित सहमति और उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद पुलिस ने किया सुपुर्द
मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित सहारनपुर बस स्टैंड के निकट अज्ञात महिला के रूप में शनिवार को मिले शव की शिनाख्त होने के बाद रविवार को थाना सिविल लाइन क्षेत्र की कच्ची सड़क पुलिस चौकी पर परिजनों ने पोस्टमार्टम का विरोध करते हुए हंगामा किया।

परिजनों की मांग थी कि शव का पोस्टमार्टम कराए बिना उन्हें सौंप दिया जाए। इसको लेकर संजय के परिवार की महिलाओं ने चौकी के सामने ही सड़क पर आकर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाइश देकर माहौल शांत कराया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उच्चाधिकारियों की अनुमति से शव परिजनों को सौंप दिया।

शनिवार दोपहर करीब तीन बजे रुड़की रोड पर सहारनपुर बस स्टैंड के पास एक महिला का शव लावारिस अवस्था में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पहचान के प्रयास शुरू किए और उसे मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया था। रविवार सुबह कुछ लोग कच्ची सड़क पुलिस चौकी पहुंचे और महिला के शव को देखने की इच्छा जताई। शव दिखाए जाने पर संजय कश्यप और उनके परिजनों ने उसकी पहचान संजय कश्यप की पत्नी सुनीता कश्यप के रूप में की। इसके बाद पुलिस पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गई, लेकिन परिजनों ने इसका विरोध करते हुए शव बिना पोस्टमार्टम सौंपने की मांग की। इस दौरान चौकी पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
कच्ची सड़क पुलिस चौकी प्रभारी सतेन्द्र सिंह ढिल्लो ने बताया कि अज्ञात महिला का शव नाले से बरामद किया गया था। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने के संबंध में लिखित प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद उच्चाधिकारियों से अनुमति प्राप्त की गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार शव के बाहरी परीक्षण में शरीर पर किसी प्रकार की चोट अथवा अन्य संदिग्ध निशान नहीं पाए गए। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दी गई है।






