तीन साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों की मां का शव फंदे पर मिला; मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप
खतौली रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति व ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पचेंडा गांव निवासी भावना की शादी करीब तीन वर्ष पहले फुलत निवासी सोनू से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। बताया गया कि रविवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कुछ देर में भावना का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर भावना का उत्पीड़न किया जाता था। उनका कहना है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। उन्होंने पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।






