सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर बदनाम करने का लगाया आरोप, बेगराजपुर के पास अपनी यात्रा समाप्त करने का किया दावा
मुजफ्फरनगर। शिव चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान शहर कोतवाल को वर्दी उतरवा देने की खुली धमकी देने के मामले में चर्चा में आए गाजियाबाद निवासी कांवड़िया मोहित चौधरी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उसने अपनी कांवड़ यात्रा बीच रास्ते में ही समाप्त करने की घोषणा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगी है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उसके बारे में झूठी खबरें प्रसारित कर उसकी धार्मिक भावनाओं और छवि को नुकसान पहुंचाया गया।
मंगलवार की सुबह को सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से सामने आए वीडियो में मोहित चौधरी ने कहा कि उसने हरिद्वार से गंगाजल लेकर 15 जुलाई को अपने जत्थे के साथ श्रद्धापूर्वक यात्रा शुरू की थी, लेकिन 10 जुलाई को मुजफ्फरनगर में शिव चौक पर रात्रि में शिव मूर्ति की परिक्रमा के उपरांत हुई घटना के बाद कुछ छोटे यूट्यूबरों ने अपने चौनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसे लेकर भ्रामक प्रचार किया गया। उसका कहना है कि मीडिया कर्मियों से मारपीट और विवाद की गलत कहानी गढ़कर उसे बदनाम किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गया।
वीडियो में मोहित ने दावा किया कि वह बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपनी यात्रा समाप्त कर रहा है और आगे कांवड़ लेकर नहीं जाएगा। उसने कहा कि वह पूरी श्रद्धा से बाबा भोलेनाथ के लिए गंगाजल लेकर निकला था, लेकिन घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने उसकी आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। इसी कारण उसने मुख्यमंत्री से भी क्षमा याचना की है, क्योंकि यह यात्रा उसने गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और योगी को तीसरी बार से मुख्यमंत्री बनाये जाने और सनातन की मन्नत और संकल्प के साथ शुरू की थी, जो पूरी नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि 10 जुलाई की रात शिव चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे वाहन पर सवार श्रद्धालुओं को सुरक्षा कारणों से नीचे उतरने के लिए कहा गया था। पुलिस के अनुसार, ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के कारण हादसे की आशंका थी। इसी दौरान मोहित चौधरी और शहर कोतवाली प्रभारी के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में मोहित कथित रूप से इंस्पेक्टर को पांच मिनट में वर्दी उतरवा देने की धमकी देता दिखाई दिया था।
घटना के बाद शिव चौक पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित कर कांवड़ियों के जत्थे को आगे रवाना कराया था। वहीं, स्थानीय पत्रकारों के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप भी सामने आए थे, जिसके संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई थी। इधर, मोहित चौधरी के नए वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, प्रशासन की ओर से न तो वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि की गई है और न ही यह पुष्टि हुई है कि उसने वास्तव में अपनी कांवड़ यात्रा बीच में समाप्त कर दी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस से हो चुका था माफीनामा, मीडिया ने बिगाड़ा सारा खेल
मोहित की दूसरी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, इसमें उसने कहा कि पुलिस के साथ जो विवाद हुआ, उसमें शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने मुझको मां की गाली दी थी, मैंने व्यवहार पर आपत्ति की थी और ये कहा था कि अगर अभद्रता करोगे तो अधिकारी से बोलकर आपकी वर्दी उतरवा दूंगा, लेकिन यह बात काट दी गई और इसके बाद पुलिस अधिकारियों से साथ मेरा माफी नामा और समझौता हो चुका था। लेकिन कुछ पत्रकारों ने मेरी छोटी छोटी क्लिप चलाकर मुझको बदनाम किया और मानसिक दबाव बनाया, पत्रकारों से मेरा कोई विवाद नहीं हुआ, शिव चौक पर सीसीटीवी लगे हुए हैं, उसकी जांच कराई जा सकती थी। मैं इनके कारण मानसिक रूप से परेशान हूं और यदि कुछ गलत कदम मैंने उठा लिया तो यही लोग जिम्मेदार होंगे।
