मुजफ्फरनगर शहर में डिजीटल निगरानी को मजबूत बनाएंगी मीनाक्षी स्वरूप

सीसीटीवी नेटवर्किंग और सर्वर रूम स्थापित करने पर पालिका करने जा रही 3.64 करोड़ का बजट खर्च

18 जुलाई की प्रस्तावित बोर्ड बैठक में शहर के सभी 55 वार्डों में सीसीटीवी नेटवर्किंग प्रस्ताव पर होगा मंथन

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक के जरिए और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद बड़ा कदम उठाने जा रही है। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर के सभी 55 वार्डों को सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ने और एक अत्याधुनिक सर्वर रूम स्थापित करने के लिए करीब 3.64 करोड़ रुपये की लागत वाली योजना को हरी झंड़ी दी है, इस पर 18 जुलाई को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में चर्चा होगी। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों की चौबीसों घंटे डिजिटल निगरानी संभव हो सकेगी, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में शहरी विकास की इबारत लिखने के लिए पालिका प्रशासन तैयार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास विजन को ध्यान में रखते हुए सबका साथ, सबका विकास और सभी का विश्वास को चरितार्थ करने के लिए पालिका प्रशासन ने सभी 55 वार्डों के चहुंमुखी विकास के लिए कार्ययोजना बनाई है। इसको पालिका बोर्ड में पारित कराने के लिए मीनाक्षी स्वरूप 18 जुलाई को टाउनहाल सभाकक्ष में बोर्ड मीटिंग करने जा रही है। इसके लिए करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाले 156 प्रस्ताव का एजेंडा जारी किया जा चुका है। इसमें पेयजलापूर्ति, पथ प्रकाश, सड़क, नाली-नाले का निर्माण, सौन्दर्यकरण के साथ ही डिजिटल निगरानी के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। पालिका के कर्मचारियों के हितों को भी ध्यान में रखते हुए उनको महंगाई भत्ता, गरम वर्दी और चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए भुगतान की स्वीकृति भी पालिका देने जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-आईपीएस सिद्धार्थ का भाजपा नेताओं से टकराव, हुआ हंगामा

नगरपालिका परिषद् के ईओ पवन कुमार ने बताया कि पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में 18 जुलाई को बोर्ड मीटिंग होने जा रही है, इसमें कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत भी काफी कार्य शामिल किये गये हैं, साथ ही शहरी विकास और सौन्दर्यकरण पर फोकस किया गया है। इसमें सबसे बड़ा प्रस्ताव पूरे शहर को नियमित डिजिटल निगरानी की व्यवस्था देने वाला है। शहर के सभी 55 वार्डों को डिजिटल सुरक्षा प्रदान करने के लिए पालिका प्रशासन सीसीटीवी नेटवर्किंग का पूरा ताना-बाना तय कर चुका है। पालिका दो हिस्से में यह कार्य कराने जा रही है। राज्य वित्त के अन्तर्गत प्राप्त निधि से 55 वार्डों में सीसीटीवी नेटवर्किंग और सर्वर रूम स्थापित करने का कार्य प्रस्तावित किया गया है। इस पर सदन में चर्चा के बाद अगला निर्णय होगा।

इसे भी पढ़ें:  खतौली तालाब कब्जा मामला: फर्जी बैनामे का आरोप, जांच शुरू

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि शहरी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन पालिका सम्पूर्ण शहरी क्षेत्र को डिजिटल सुरक्षा प्रदान करने के लिए कदम उठाने जा रही है। इसके लिए आगामी दिनों में हम बोर्ड मीटिंग में मंथन के लिए प्रस्ताव लाए हैं। इसमें सीसीटीवी नेटवर्किंग के लिए प्रस्तावित कार्य को दो हिस्से में विभाजित किया है, पहले प्रस्ताव में 35 वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य होगा, इसके लिए 01 करोड़ 99 लाख 26 हजार 482 रुपये का व्यय अनुमान बना है तो दूसरे प्रस्ताव में 20 वार्डों में सीसीटीवी कैमरे और सर्वर रूम स्थापित करने का कार्य होगा, जिस पर पालिका 01 करोड़ 64 लाख 96 हजार 150 रुपये खर्च करने की तैयारी कर चुकी है। सदन की मंजूरी मिली तो जल्द ही पूरा शहर 24 घंटे डिजिटल सुरक्षा से आच्छादित होगा।

इसे भी पढ़ें:  परशुराम जयंती कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर पहुंचे संगीत सोम, ममता-राहुल-अखिलेश पर साधा निशाना
Share This Article