शिव चौक विवाद पर बेगराजपुर में कांवड़ियों का धरना, घंटों चला हंगामा

मोहित कुमार और बिजेंद्र भगत ने आरोप लगाया कि शिव चौक पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया

कोतवाली प्रभारी से माफी की मांग पर अड़े श्रद्धालु, वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता के आश्वासन के बाद बनी सहमति

मंसूरपुर। शिव चौक पर गाजियाबाद के कांवड़िया मोहित चौधरी द्वारा दी गई वर्दी उतरवाने की धमकी को लेकर पुलिस और पत्रकारों के साथ विवाद के बाद मामला शांत होता दिखाई दे रहा था, लेकिन मंगलवार दोपहर बेगराजपुर में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। गाजियाबाद के कांवड़िया मोहित कुमार, उनके समर्थकों और गुरु बिजेंद्र भगत ने पुलिस कार्रवाई और मीडिया की रिपोर्टिंग का विरोध करते हुए धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कई दौर की वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घंटों चली नोकझोंक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों से मुख्यालय पर मुलाकात कराने के आश्वासन पर धरना समाप्त करने की सहमति बनी।

मंगलवार सुबह मोहित कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने शिव चौक पर हुए विवाद को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। वीडियो में उन्होंने पुलिस के व्यवहार और मीडिया की रिपोर्टिंग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मानसिक रूप से आहत हैं। इसी कारण उन्होंने अपनी संकल्प कलश कांवड़ यात्रा बीच रास्ते में ही समाप्त करने का ऐलान किया। वीडियो सामने आने के बाद यह माना जा रहा था कि विवाद समाप्त हो गया है। हालांकि दोपहर में मोहित कुमार अपने गुरु बिजेंद्र भगत और अन्य कांवड़ियों के साथ बेगराजपुर में ही पेट्रोल पम्प के पास धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान पुलिस और मीडिया के खिलाफ नाराजगी जताई गई। सूचना मिलने पर मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन त्यागी मौके पर पहुंचे और वार्ता के माध्यम से धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

धरने पर बैठे मोहित कुमार और बिजेंद्र भगत ने आरोप लगाया कि शिव चौक पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने मांग रखी कि शहर कोतवाली प्रभारी सार्वजनिक रूप से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगें, तभी कांवड़ यात्रा आगे बढ़ाई जाएगी और धरना समाप्त होगा। साथ ही पत्रकारों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर का भी विरोध किया गया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रूपाली राव भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन लंबे समय तक वार्ता के बावजूद गतिरोध बना रहा। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और पुलिस बल तैनात रहा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-वार्ड 48 में चेयरपर्सन ने दी नये नलकूल की सौगात

मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि बिजेंद्र भगत और मोहित कुमार से बातचीत के बाद इस बात पर सहमति बनी कि उन्हें शाम के समय पुलिस मुख्यालय ले जाकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कराई जाएगी, ताकि पूरे मामले का समाधान निकाला जा सके। धरने के दौरान बिजेंद्र भगत ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धालुओं के सम्मान का विषय है। उनका कहना था कि अपमान को स्वीकार नहीं किया जाएगा और सम्मानजनक समाधान होने के बाद ही आगे की यात्रा पर निर्णय लिया जाएगा। मोहित कुमार का कहना है कि वो 161 लीटर गंगाजल की संकल्प कलश यात्रा लेकर पैदल ही सफर कर रहे हैं और शिव चौक के विवाद ने उनको मानसिक रूप से परेशान किया है, मनोस्थिति ठीक नहीं होने के कारण वो अपनी यात्रा पूरी नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस ने ही हमें अपमानित किया और मीडिया कर्मियों ने झूठे मामले में फंसाने के लिए तहरीर दी। इसी उत्पीड़न का विरोध किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास जारी है।

इसे भी पढ़ें:  महिला को सम्मोहित कर जेवर उड़ाने वाला कालनेमि बलदेव गिरफ्तार
Share This Article