जातिवाद का जहर और नशे की लत समाज के लिए घातकः गुरू चन्द्रमोहन

हिन्द मजदूर किसान समिति ने मोरना में किया कंबल वितरण, समाज को एकजुट रहने का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। सर्दी के मौसम में गरीब और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से हिन्द मजदूर किसान समिति द्वारा संत शिरोमणि भगवान रविदास जी की जयंती की पूर्व संध्या पर सामाजिक सेवा का अनुकरणीय कार्य किया गया। इस अवसर पर समाज में बढ़ते जातिवाद और नशे के खतरे पर भी गंभीर चिंता जताई गई। शनिवार को हिन्द मजदूर किसान समिति के मजदूर एवं किसानों द्वारा मोरना स्थित रविदास मंदिर में संत शिरोमणि भगवान रविदास जी की जयंती की पूर्व संध्या पर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान रविदास जी के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-महिला समेत दो लोगों ने दी जान, फांसी पर लटककर की आत्महत्या

इस अवसर पर समिति के ब्लॉक अध्यक्ष पदम सिंह मोरना ने क्रांतिकुरु श्री चन्द्रमोहन के संदेश को उपस्थित जनसमूह के बीच रखते हुए कहा कि आज समाज में जातिवाद का जहर और नशे की लत दोनों ही तेजी से फैल रही हैं, जिन पर समय रहते रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कभी यूजीसी, कभी दलित-हिन्दू जैसे नामों के माध्यम से समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है, ताकि लोग आपस में कमजोर पड़ जाएं और आपसी संघर्ष में उलझे रहें।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR--शहर में हर कदम लगे अवैध होर्डिंग और यूनीपोल

ब्लॉक अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह स्थिति विदेशी ताकतों और देश के भीतर मौजूद ऐसे तत्वों के कारण पैदा हो रही है, जो एक ओर समाज में जातिगत नफरत फैला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में लेकर देश के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने मजदूरों और किसानों से जागरूक होने का आह्वान करते हुए कहा कि फसल से पहले नस्ल बचाओ, क्योंकि अगर नस्ल सुरक्षित रहेगी तो वर्तमान और भविष्य दोनों सुरक्षित रहेंगे। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया। कंबल वितरण के दौरान जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। इस मौके पर पंच उपेन्द्र, ब्लॉक उपाध्यक्ष अंकित मोरना, ब्लॉक उपाध्यक्ष मिंटू तोफीर, ग्राम अध्यक्ष नरेश मोरना सहित कमल, विकास, अरुण, अजय, संदीप, संजू, मिंटू एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में मौसम का मिजाज बदला: 10 शहरों में घना कोहरा, बारिश-ओलों से ठंड बढ़ी
Share This Article