कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचकर की शिवभक्तों की सेवा, धार्मिक आयोजनों में निभाई सहभागिता; भाजपा के कार्यक्रमों में किया दायित्व का निर्वहन
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री एवं समाजसेवी ममता अग्रवाल सावन मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय नजर आईं। कांवड़ यात्रा के पूरे पखवाड़े के दौरान उन्होंने अपने पति दीप अग्रवाल के साथ नगर के विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचकर शिवभक्तों की सेवा की और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न सेवा कार्यों में सहयोग प्रदान किया। इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की तथा भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहभागिता की।
ममता अग्रवाल गरीब और मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा के लिए भी लंबे समय से कार्य कर रही हैं। एनजीओ के माध्यम से जरूरतमंद बच्चियों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी है और बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

सावन के प्रथम सोमवार को ममता अग्रवाल ने परिवार सहित संभलहेड़ा सिद्धपीठ पहुंचकर रुद्राभिषेक किया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद कांवड़ यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न सेवा शिविरों में पहुंचकर उन्होंने शिवभक्तों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं में सहयोग किया। शिवमूर्ति पर आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में उन्होंने भोले-भोलियों के लिए चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवा कार्य में सहभागिता की।

उन्होंने एस.डी. कन्या पाठशाला में स्काउट्स के रूप में सेवा दे रहे नन्हे एवं युवा राष्ट्र सेवकों से मुलाकात की। बातचीत के बाद सभी शिवमूर्ति के दर्शन के लिए पहुंचे। ममता अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों और सेवा शिविरों में पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे स्काउट्स के कार्य की सराहना की। भाजपा परिवार के साथ उन्होंने नगर की हृदयस्थली शिवमूर्ति पर कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों और नन्हे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा भी की। उन्होंने कहा कि कई मील पैदल चलकर महादेव को जल अर्पित करने जा रहे शिवभक्तों की आस्था और समर्पण श्रद्धा का विषय है।

ममता अग्रवाल ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मभूमि से आई पावन मिट्टी के कलश के साथ चरथावल क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में आयोजित ‘कलश वंदन कार्यक्रम में भी सहभागिता की। भाजपा जिला कार्यालय गांधी नगर से ‘कलश वंदन यात्रा को आगे बढ़ाते हुए कलश को चरथावल मंडल के लिए रवाना किया गया। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित मासिक मंडल बैठक में वह हनुमत मंडल की प्रभारी के रूप में भी उपस्थित रहीं। बैठक में आगामी ‘समरसता संकल्प अभियान और ‘तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंडल पदाधिकारियों को उनकी नेमप्लेट भी भेंट की गई।

ममता अग्रवाल ने कहा कि सावन का पूरा समय उनके लिए सेवा, भक्ति और सामाजिक दायित्व से जुड़ा रहा। नगर के विभिन्न सेवा शिविरों में जाकर सहयोग करने और शिवभक्तों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। ममता अग्रवाल ने कहा, “नगर के विभिन्न सेवा शिविरों पर जाकर सहयोग कर धर्मलाभ उठाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। महादेव हम सभी पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें। कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा में जुटे स्काउट्स, स्वयंसेवकों और सभी सेवा संस्थाओं की कर्मठता को मेरा नमन है। धन्य हैं वे भक्त जो मीलों चलकर महादेव को अर्पित करने के लिए गंगाजल लेकर जा रहे हैं। बाबा अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें और इसी प्रकार अपनी सेवा में लगाए रखें।”
हर घर तिरंगा अभियान में हर व्यक्ति करे सहभागिता
भाजपा जिला कार्यालय गांधी नगर में आयोजित मासिक मंडल बैठक में ‘तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में हनुमत मंडल की प्रभारी ममता अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। ममता अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2022 में देश में राष्ट्रवाद की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। इस वर्ष 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ 9 अगस्त को अभियान की शुरुआत की है।

उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को भाजपा के सभी मंडलों में ‘हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जबकि 13 अगस्त को जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के माध्यम से वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी के शिकार लोगों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। ममता अग्रवाल ने सभी लोगों से ‘हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया और कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
