शहर के टिल्ला पहुंचकर मंत्री कपिल देव ने किया नाला निर्माण का निरीक्षण

रामलीला टिल्ला क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का लिया जायजा, जनता से किया संवाद

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर में चल रही नगरीय विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझा तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मौके पर निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में खौफनाक वारदात: मां को चाकू मारा, 4 साल की मासूम पानी के टैंक में मिली मृत

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मुज़फ्फरनगर के रामलीला टिल्ला क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का गहन अवलोकन किया। उन्होंने नाले के निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति और तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के समय स्थानीय नागरिकों ने भी क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि नाले का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्यदायी संस्था को सभी मानकों का पालन करना होगा।

इसे भी पढ़ें:  मनकामेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा के साथ मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव

उन्होंने विशेष रूप से आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए नाले के साथ-साथ संबंधित सड़क निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों को जलभराव और आवागमन जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करें। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव ने कहा कि जनहित सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा क्षेत्र के समुचित विकास और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-सरेराह मुफ्ती पर हमला, वीडियो वायरल होने से लोगों में आक्रोश
Share This Article