स्वामी यशवीर ने जारी की वीडियो, हिंदू परिवार के घर में घुसकर महिला को भगाने के लिए बहलाने का आरोप, कार्यवाही की मांग
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक मुस्लिम युवक के हिंदू परिवार के घर में घुसने का मामला सामने आया है। युवक पर आरोप है कि वह परिवार की एक महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसका धर्म परिवर्तन कराने की तैयारी के उद्देश्य से घर में पहुंचा था। परिवार के लोगों ने युवक को मौके पर पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस मामले को लेकर योग साधना यशवीर आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने पुलिस प्रशासन से युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट के माध्यम से घटना का उल्लेख करते हुए पुलिस से मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार करने और गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
स्वामी यशवीर की ओर से फेसबुक पर किए गए दावे के मुताबिक, घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है, जहां एक हिंदू सैनी परिवार के घर में मुस्लिम युवक के पहुंचने का आरोप है। पोस्ट में कहा गया है कि युवक कथित तौर पर परिवार की महिला को घर से भगाकर ले जाने के उद्देश्य से वहां पहुंचा था। परिवार ने युवक को पकड़ने के बाद मामले की जानकारी स्वामी यशवीर को दी। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला को धर्म परिवर्तन के लिए अपने साथ ले जाने की तैयारी की जा रही थी। स्वामी यशवीर ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने पोस्ट में घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हिंदू परिवारों की सुरक्षा और ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
युवक से पूछताछ का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी स्वामी यशवीर की फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया गया है। वीडियो में कथित तौर पर पकड़े गए युवक से महिला के परिवार का एक व्यक्ति पूछताछ करता दिखाई दे रहा है। पूछताछ के दौरान युवक से उसका नाम और अन्य सवाल किए जा रहे हैं। युवक ने अपना नाम मुबारिक बताया और वो भी महिला के ही गांव का रहने वाला है। वीडियो को लेकर एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पूछताछ परिवार के लोगों द्वारा मौके पर ही की जा रही दिखाई देती है।
युवक से किए जा रहे सवालों के बीच आरोपों से संबंधित जवाब भी सामने आते हैं। हालांकि, वीडियो में युवक द्वारा कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना के सामने आने के बाद कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या महिला की युवक से पहले से पहचान थी या दोनों के बीच किसी तरह का प्रेम संबंध था। क्या महिला युवक के साथ जाने के लिए तैयार थी अथवा युवक कथित रूप से उसे जबरन या बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था, इसका जवाब पुलिस जांच से ही स्पष्ट हो पायेगा।
