नैनीताल- लखनऊ के छह पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। ज्योलीकोट के पास उनकी टवेरा अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस और एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बचा लिया। नैनीताल की वादियों में घूमने आए लखनऊ के छह पर्यटकों की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब वापसी में उनकी टवेरा ज्योलीकोट के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं। गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया है। जानकारी के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। बृहस्पतिवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।
