परिवार से नाराज होकर जान देने जा रही थी महिला, पुलिस ने बचाया

हरिद्वार से लौट रहे बुजुर्ग कांवड़िये की अचानक तबियत बिगड़ी, अस्पताल में उपचार से पहले हुई मौत

मुजफ्फरनगर पुलिस की सतर्कता से टली एक आत्महत्या, बस में रोती मिली महिला को समझाकर परिजनों के सुपुर्द किया

मुजफ्फरनगर। छपार थाना पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में त्वरित कार्रवाई की। पहली घटना में पुलिस ने आत्महत्या जैसा कदम उठाने जा रही एक महिला को सुरक्षित बचाकर उसके परिजनों से मिलाया, जबकि दूसरी घटना में हरिद्वार से लौट रहे एक बुजुर्ग कांवड़िये की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी एक महिला अपने परिजनों से नाराज होकर घर छोड़कर चली आई थी और मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या करने का मन बना चुकी थी। वह बस में बैठकर रो रही थी। बस में मौजूद एक जागरूक राहगीर ने महिला की संदिग्ध और भावुक स्थिति देखकर तुरंत मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छपार पुलिस सक्रिय हो गई और संबंधित बस को रुकवाकर महिला से बातचीत की।

इसे भी पढ़ें:  VIJAY KA SATYAGRAH-दुनिया के सबसे लंबे धरने के 28 साल पूरे

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने महिला को बस से नीचे उतारा और धैर्यपूर्वक महिला की काउंसलिंग की और उसे आत्महत्या जैसा कदम न उठाने के लिए समझाया। इसके बाद महिला के परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया गया। काफी देर तक चली समझाइश और पारिवारिक बातचीत के बाद महिला अपने परिजनों के साथ सुरक्षित घर लौटने के लिए राजी हो गई। महिला के परिजनों ने समय रहते कार्रवाई कर उसकी जान बचाने के लिए छपार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें:  हादसों की बारिशः ग्रामीण इलाकों में लगातार ढह रहे कच्चे मकान

इसी दौरान एक अन्य घटना में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे एक बुजुर्ग कांवड़िये की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही छपार पुलिस मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मृत्यु की सूचना मिलते ही उनके बेटे और अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिजन गमगीन माहौल में शव को अपने साथ लेकर घर के लिए रवाना हो गए। दोनों घटनाओं में छपार पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। विशेष रूप से महिला की जान बचाने में पुलिस की तत्परता को लोगों ने एक सराहनीय पहल बताया।

इसे भी पढ़ें:  झांसी में फसल बर्बाद होने से किसान ने की आत्महत्या, 15 दिन बाद होनी थी बेटी की सगाई
Share This Article