कांवड़ ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की हादसे में मौत

बुलंदशहर के कैथाला गांव निवासी अजय कुमार शामली जिले में थे तैनात, मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

शामली। कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल अजय कुमार ने बुधवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती अजय कुमार की मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो नाबालिग बेटों को छोड़ गए हैं।

सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे कादरगढ़ चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल अजय कुमार अपनी बाइक से बनत की ओर कांवड़ ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। चौकी से लगभग एक किलोमीटर आगे एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में हेड कांस्टेबल अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थानाभवन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। बुधवार की सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

इसे भी पढ़ें:  धुस्सी बांध टूटा, बाढ़ से 1.72 हेक्टेयर फसल बर्बाद

हेड कांस्टेबल अजय कुमार बुलंदशहर जिले के गुलावठी थाना क्षेत्र के कैथाला गांव के मूल निवासी थे। वह अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। कुछ समय पहले ही उनके बड़े भाई का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी अजय कुमार के कंधों पर आ गई थी। उनके इस असामयिक निधन से परिवार ने अपना मुख्य सहारा खो दिया है। अपने पीछे वह अपनी पत्नी, 15 वर्षीय पुत्र कुणाल और 11 वर्षीय पुत्र भव्य को छोड़ गए हैं। दोनों बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश तेज कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR PALIKA-गाड़ी वाला आया, बाबू अब तू पैसा निकाल
Share This Article