काशीराम कॉलोनी में आवासों की खरीद-फरोख्त का आरोप, जिलाधिकारी से जांच की मांग

शिकायती पत्र में योजना के आवासों की गड़बड़ी में सक्रिय गिरोह और विभागीय कर्मचारी की भूमिका पर भी जताया संदेह

मुजफ्फरनगर। शहर की काशीराम कॉलोनी, खानपुर (बुढ़ाना मोड़) में सरकारी आवासों की कथित खरीद-फरोख्त और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक स्थानीय निवासी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता रमन भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि काशीराम कॉलोनी में गरीब पात्रों को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से आवास आवंटित किए गए थे, लेकिन पात्रता की समुचित जांच न होने के कारण कई अपात्र व्यक्तियों को भी मकान आवंटित कर दिए गए। शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों ने आवास मिलने के बाद अपने नाम आवंटन कराने के बजाय स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इन मकानों की खरीद-फरोख्त का कारोबार शुरू कर दिया।

इसे भी पढ़ें:  गंगा घाट की बदहाली पर विश्व हिन्दू महासंघ का अल्टीमेटम, 5 दिन में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी तो संगठन करेगा आंदोलन

शिकायती पत्र में दावा किया गया है कि एक सक्रिय गिरोह कथित रूप से इन आवासों की खरीद-बिक्री में शामिल है। शिकायतकर्ता ने कुछ व्यक्तियों के नामों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वे आवंटित मकानों पर कब्जा दिलाने और लेन-देन कराने में भूमिका निभा रहे हैं। पत्र में कुछ आवास नंबरों का भी उल्लेख करते हुए उनकी जांच कराने की मांग की गई है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर: बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले युवक को 20 साल की कैद

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आवासों पर वास्तविक आवंटियों का कब्जा न होकर अन्य लोगों का कब्जा है और कुछ मकानों के ताले तोड़कर कब्जा दिलाए जाने की बात भी कही गई है। इसके अलावा, एक विभागीय कर्मचारी पर भी कॉलोनी में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का संदेह व्यक्त किया गया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा सरकारी आवासों में कथित भ्रष्टाचार और अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-स्वास्थ्य विभाग को मिले 9 सहायक शोध अधिकारी
Share This Article