शिव चौक पर डीजे कांवड़ को लेकर किन्नर और पुलिस में नोकझोंक, वीडियो वायरल

इंस्पेक्टर बोले- व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई सख्त कार्रवाई, आतिशबाजी से रुक गई थी शिव मूर्ति की परिक्रमा

तेज आवाज में डीजे बजाने और आतिशबाजी करने से कांवड़ यात्रा में बिगड़ी व्यवस्था, किन्नर समाज ने पुलिस पर अभद्रता के लगाए आरोप

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार देर रात शिव चौक पर डीजे कांवड़ को लेकर किन्नर समाज के कांवड़ियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। शिव मूर्ति के सामने डीजे वाहन रोककर तेज आवाज में संगीत बजाने और आतिशबाजी किए जाने के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। किन्नर समाज के कांवड़ियों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार, धार्मिक आस्था को आहत करने और जबरन डीजे बंद कराने के आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई केवल यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात बड़ी झांकी और डीजे कांवड़ के साथ किन्नर समाज के श्रद्धालु शिव चौक पहुंचे। आरोप है कि शिव मूर्ति के सामने डीजे वाहन रोककर तेज आवाज में संगीत बजाया जाने लगा। इसी दौरान मल्टी शॉट आतिशबाजी का पूरा बॉक्स भी जला दिया गया, जिससे कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में आतिशबाजी शुरू हो गई। इसके चलते पीछे से आ रहे कांवड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई और शिव मूर्ति की परिक्रमा भी बाधित हो गई। कुछ ही देर में शिव चौक पर भीड़ बढ़ने लगी और जाम जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी कलश कांवड़ लेकर चल रहे श्रद्धालु भी काफी देर तक इस जाम में रुके रहे। स्थिति को देखते हुए शिव चौक अस्थाई कांवड़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महावीर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डीजे बंद कर आगे बढ़ने के लिए कहा। इसी बात को लेकर किन्नर समाज के कांवड़ियों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। विरोध स्वरूप किन्नरों ने तालियां बजाकर प्रदर्शन किया और पुलिस पर धार्मिक आस्था का सम्मान न करने के आरोप लगाए।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो गए। इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में किन्नर समाज के कांवड़ियों और पुलिस के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। कुछ अन्य वीडियो में आतिशबाजी और पुलिस अधिकारियों द्वारा कांवड़ियों को आगे बढ़ाने का प्रयास भी नजर आ रहा है। इसके अलावा आरोप लगाया गया कि आतिशबाजी का वीडियो बनाने के लिए मोबाइल निकालने पर शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने एक कांवड़िए का मोबाइल छीन लिया। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

इसे भी पढ़ें:  गुरु परंपरा हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर-ममता अग्रवाल

उधर, किन्नर समाज के श्रद्धालुओं ने इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घटना से जुड़े वीडियो साझा करते हुए पुलिस पर उत्पीड़न और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बिना किसी उचित कारण के डीजे बंद कराया गया और श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। वहीं, इंस्पेक्टर महावीर सिंह चौहान ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि किसी भी शिवभक्त के साथ अभद्रता नहीं की गई। उन्होंने बताया कि शिव चौक पर रुककर तेज आवाज में डीजे बजाने तथा अचानक आतिशबाजी किए जाने से कांवड़ यात्रा बाधित हो गई थी और पीछे लंबी कतार लगने से भीड़ बढ़ रही थी।

शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार शिव चौक पर डीजे कांवड़ को रुकने की अनुमति नहीं थी। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई केवल यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई तथा पूरे घटनाक्रम से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। फिलहाल घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-प्रॉपर्टी डीलरों से नकाबपोशों ने मांगी 20 लाख की रंगदारी
Share This Article