7 मई से जनगणना अभिया का शुभारंभः उमेश मिश्रा

जिलाधिकारी ने सभी लोगों से की स्व गणना की अपील, कहा-ईमानदारी से अपनी सही सूचना कराएं दर्ज

मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत के चौधरी चरण सिंह सभाकक्ष में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा, जिसमें पहले चरण में स्व-गणना और मकान सूचीकरण की व्यवस्था लागू की गई है।

जनगणना 2027 के लिए प्रमुख जनगणना अधिकारी का दायित्व निभा रहे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से प्रारम्भ होकर 21 मई तक चलेगी। इस दौरान नागरिक स्वयं अपने परिवार से संबंधित जानकारी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं ही ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसमें तैनात किये गये प्रगणक के द्वारा भ्रमण कर प्रत्येक घर का भौतिक सत्यापन और विवरण एकत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सही जानकारी दर्ज कराएं और किसी भी प्रकार की भ्रांति में न आयें। जनगणना के दौरान प्रगणक किसी भी प्रकार का दस्तावेज और ओटीपी नहीं मांगेगे, केवल निर्धारित प्रश्नों पर जानकारी एकत्र करेंगे। यह जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रहेगी। हमारा प्रयास है कि हम त्रुटिरहित जनगणना कार्य पूर्ण करायें, इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। आपकी सही जानकारी देश के निर्माण में बड़ी भूमिका निभायेगी।

इसे भी पढ़ें:  अवैध मिट्टी खनन पर कार्रवाईः 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली की गई सीज

उन्होंने आगे बताया कि जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 से शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े संकलित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय बन सकें और योजनाओं के निर्माण में उनका प्रभावी उपयोग हो सके।

मुजफ्फरनगर जिले में जगनणना-6575 अधिकारी-कर्मचारी तैनात

जिला जनगणना अधिकारी एडीएम-एफ गजेन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद में जनगणना-2027 को पूर्ण कराने के लिए कुल 6575 अधिकारी और कर्मचारी नियुक्त किये गये हैं। इनमें डीएम प्रमुख जनगणना अधिकारी, एडीएम-एफ जिला जनगणना अधिकारी के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं। इनके अलावा 08 अपर जिला जनगणना अधिकारी, 04 उप जिला जनगणना अधिकारी, 14 चार्ज अधिकारी बनायें गये हैं, चार्ज अधिकारियों का दायित्व शहरी क्षेत्र के लिए नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए तहसीलदार को दिया गया है। इसके अतिरिक्त कार्य निदेशालय लखनऊ से नामित 01 जिला प्रभारी जनगणना, 03 मास्टर ट्रेनर, 98 फील्ड ट्रेनर और 999 सुपरवाइजर नियुक्त किये गये हैं। घर घर भ्रमण करने के लिए 5446 प्रगणक लगाये गये हैं।

जनगणना में 33 सवाल, आपको देना होगा 31 का जवाब

जिला जनगणना अधिकारी एडीएम-एफ गजेन्द्र कुमार ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार लोगों को स्व गणना का ऑनलाइन अवसर मिला है। इसके लिए जनगणना निदेशालय की ओर से एक विशेष पोर्टल विकसित किया गया है। इसको ओपन करने के बाद लिंक पर जाना होगा और वहां अपना मोबाइल नम्बर इंटर करने पर ओटीपी आयेगा, इसके आधार पर खुलने वाले फार्म में 33 सवाल दिये गये हैं, लेकिन इनमें से 31 सवालों का जवाब स्वयं परिवार के मुखिया को दर्ज करना होगा। शेष सवालों का जवाब प्रगणक दर्ज करेगा। इन 33 सवालों को चार वर्ग में विभाजित किया गया है, इनमें घर, परिवार, बुनियादी जरूरत और घरेलु उपकरण के सम्बंध में जानकारी मांगी जायेगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में जल निकासी होगी मजबूत, डीएम ने गठित की तकनीकी कमेटी

इनमें 7 सवाल घर, 08 सवाल परिवार, 10 सवाल बुनियादी जरूरतें और 08 सवाल घरेलु उपकरणों की उपलब्धता के आधार वाले होंगे। स्व गणना के बाद जब प्रगणक आपके घर जायेगा तो उसको सही जानकारी देनी है और प्रगणक ही आपके स्व गणना फार्म का सत्यापन के बाद पूर्ण करेगा। पहला चरण स्व गणना के रूप में 7 मई से 21 मई तक चलेगा, इसमें ही 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण और भवन गणना का कार्य पूर्ण होगा। 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य कराया जायेगा। देश में पहली जनगणना 1872 में कराई गई थी। 2027 में हो रही यह गणना 16वीं जनगणना है और आजाद भारत में यह 8वीं जनगणना होगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-झूठे मुकदमे से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या

07 मई को जनप्रतिनिधि करेंगे स्व गणना से शुरूआत

जिला जनगणना अधिकारी एडीएम-एफ गजेन्द्र कुमार ने बताया कि 07 मई से जनगणना-2027 का शुभारंभ हो रहा है। इसमें स्व गणना पर पहला जोर दिया गया है। 07 मई से 21 मई तक अलग अलग दिन विशेष क्षेत्र के लोगों के लिए निर्धारित किया गया है। 07 मई को जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी स्व गणना के साथ इस अभियान की शुरूआत करने जा रहे हैं। इसके बाद 08 मई को स्थानीय निकाय और ग्रामीण गवर्नमेंट में जिला पंचायत, नगरपालिका, पंचायत, ब्लॉक और ग्राम प्रधान आदि स्व गणना करेंगे। 09 मई को मीडिया कर्मी, 10 मई को वेलफेयर एसोसिएशन, सोसायटीज और बड़े व्हाटसएप गु्रप, 11 मई को न्यायिक विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, बार एसोसिएशन और अधिवक्ता, 12 मई को यूनिफार्म फोर्सेस के अधिकारी और कर्मचारी, 13 मई को केन्द्रीय सेवा बैंक, रेलवे, स्कूल, आयकर आदि के अधिकारी व कर्मचारी, 14 मई को एजुकेशन डे में डीआईओएस, बीएसए, स्कूल और कॉलेजेज, 15 मई को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सभी चिकित्सक तथा चिकित्साकर्मी, 16 मई को उद्योग जगत और ट्रांसपोर्टर, 17 मई को महिला शक्ति, आशा व आंगनबाडी, 18 मई को सभी हेल्प डेस्क और जनसेवा केन्द्र, 19 मई को वर्क फ्राम होम, यूटयूबर और प्राइवेट कर्मचारी तथा 20 मई को एलजीबीटी क्षेत्र के नागरिक स्व गणना करेंगे।

Share This Article