मुजफ्फरनगर-महज आठ घंटे में ट्यूबवेल मोटर चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

मंसूरपुर पुलिस ने चोरी की मोटर का सामान, तांबे का तार, मोटरसाइकिल, चोरी के उपकरण और तीन अवैध चाकू किए बरामद

मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटना का महज आठ घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई मोटर का खोल, मोटर के टूटे हुए हिस्से, करीब 1.250 किलोग्राम तांबे का तार, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, एक मोटरसाइकिल तथा तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

सीओ खतौली रूपाली राय के अनुसार, 4 अगस्त को ग्राम पुरबालियान निवासी सोनू ने थाना मंसूरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके खेत में लगी ट्यूबवेल से मोटर, स्टार्टर और बिजली का तार चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मंसूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने निजामपुर चौराहे के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनबाज उर्फ भूरा पुत्र जलालुद्दीन, साकिब पुत्र मीरहसन उर्फ मीरा तथा दिलशाद उर्फ दीनू पुत्र नवाब अली, निवासी ग्राम पुरबालियान, थाना मंसूरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ग्राम पुरबालियान स्थित ट्यूबवेल से मोटर चोरी की थी। चोरी के बाद मोटर को खोलकर उसमें से तांबा अलग कर लिया और अन्य सामान को माल यात्री शेड के पीछे खेत में छिपा दिया था। आरोपियों का इरादा रात के अंधेरे में चोरी का सामान बेचने का था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में लगभग 35 किलोग्राम वजनी मोटर का खोल, करीब 36 किलोग्राम मोटर का टूटा हुआ सामान, 1.250 किलोग्राम तांबे का तार, यूपी-12 सीई-1065 नंबर की मोटरसाइकिल, तीन अवैध चाकू तथा एक प्लास, तार काटने का कटर और पेचकस जैसे चोरी में प्रयुक्त उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफलता को थाना मंसूरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक अभिषेक गुप्ता और शिखर चौधरी, कांस्टेबल रोहित कुमार और लोकेन्द्र कुमार शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में ‘बदमाशों के देवता’ का पुलिस ने किया एनकाउंटर
Share This Article