मूसलाधार बारिश में ढहा मकान, दंपति समेत तीन मासूम मलबे में दबे

मौके पर पहुंचे एसडीएम सतेन्द्र ने पांचों गंभीर घायलों को पहुंचाया जिला अस्पताल, उपचार जारी

बुढ़ाना तहसील के हुसैनपुर कला गांव में गुरूवार सुबह हुआ हादसा, ग्रामीणों और प्रशासन ने मलबे से निकाला

मुजफ्फरनगर। मूसलाधार बारिश ने मुजफ्फरनगर में एक परिवार पर कहर बरपा दिया। बुढ़ाना तहसील के हुसैनपुर कला गांव में बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक हुई तेज बारिश के बीच एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में दंपति और उनके तीन मासूम बच्चे मलबे में दब गए। ग्रामीणों और प्रशासन की तत्परता से सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव हुसैनपुर कला में लगातार हुई भारी बारिश के चलते गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी बबलू उर्फ सिराज कुरैशी का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान की छत गिरने से परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए, इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

इसे भी पढ़ें:  बहन के घर भाइयों ने खेला खूनी खेल, मासूम भांजे का कत्ल

हादसे में बबलू उर्फ सिराज, उनकी पत्नी मीरा तथा उनके तीन बच्चे अदनान, हमजा और लुकमान मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर बुढ़ाना के एसडीएम सतेन्द्र कुमार भी तहसील प्रशासन की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। ग्रामीणों और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से सभी घायलों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

इसे भी पढ़ें:  कपिल देव बोले-किसी की हिम्मत नहीं, हमसे बदतमीजी कर बैठे

एसडीएम सतेन्द्र कुमार ने बताया कि सुबह करीब सात बजे हुसैनपुर कलां में एक कमरे का मकान गिरने की सूचना मिली थी। मकान की एक ओर की पक्की ईंटों की दीवार अचानक बैठ गई, जिसके कारण बांस और अन्य सामग्री से बनी कच्ची छत भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे के समय परिवार के पांचों सदस्य कमरे के अंदर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित किया गया है। शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जर्जर और कच्चे मकानों में सावधानी बरतने की अपील भी की है।

इसे भी पढ़ें:  अवैध हथियारों की तस्करी का भंड़ाफोड़, 11 सौदागर गिरफ्तार
Share This Article