शौचालय के पास मिला युवक का शव, हाथ पर ‘रानी’ का टैटू, नहीं हुई पहचान

शिवरात्रि की सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप, शरीर पर था केवल एक कपड़ा, गले में काला धागा और सफेद नैकर पहने था मृतक

मुजफ्फरनगर। शिवरात्रि की सुबह चरथावल क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब बधाईकलां गांव में सार्वजनिक शौचालय के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक के हाथ पर बने ‘रानी’ नाम के टैटू को पुलिस ने उसकी पहचान का अहम सुराग माना है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-एसआईआर में लापरवाही, मताधिकार से कर देगी वंचितः मीनाक्षी स्वरूप

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बधाईकलां गांव स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना तेजी से गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर थाना चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच है। रंग सांवला, कद लगभग पांच फुट पांच इंच तथा चेहरे पर हल्की दाढ़ी और मूंछ हैं। मृतक के ऊपरी शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, जबकि उसने सफेद रंग की नैकर पहन रखी थी। गले में काले रंग का धागा भी मिला है।

इसे भी पढ़ें:  पुरकाजी-लक्सर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत

मृतक की पहचान के प्रयास के दौरान उसके शरीर पर बना ‘रानी’ नाम का टैटू पुलिस के सामने आया। माना जा रहा है कि यह टैटू मृतक की पहचान तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्र में लापता लोगों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ शव की तस्वीर के आधार पर भी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। सोशल मीडिया पर भी मृतक का फोटो शेयर किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  सऊदी में पत्नी से लड़ बैठा बेटा, गांव में पिता-भाई को भेजकर बहू ने पिटवा दिए रिश्तेदार

शव मिलने की परिस्थितियों ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक की मौत स्वाभाविक रूप से हुई, किसी हादसे में जान गई या फिर उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Share This Article