सहारनपुर। श्रावण मास के आखिरी सोमवार को जिले भर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने श्रद्धाभाव से भोलेनाथ का पंचामृत से स्नान कराने के साथ जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुबह से ही श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक करने पहुंच गए। महानगर के श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों की लाइन लगी रही। श्रद्धालुओं ने आशुतोष भगवान को विभिन्न प्रकार के फल, बेल पत्र अर्पित करने के साथ दूध, जल और पंचामृत से स्नान कराया। बेहट रोड स्थित सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना संपन्न कराई। चंदन व भस्म से भगवान संकटमोचन महादेव का शृंगार कर आरती की गई। अतुल जोशी महाराज ने कहा कि भगवान शिव आदि और अंत के स्वामी हैं। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना विशेष फलदायी है। इसके अलावा श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, तहसील शिव मंदिर, श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, घंटाघर स्थित हनुमान मंदिर, श्री नारायणपुरी सहित कई मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की पूजा अर्चना की।
