अंकित बालियान के परिजनों से मिले सरधना विधायक, बंतीखेड़ा पहुंचकर दिवंगत कलाकार को दी श्रद्धांजलि
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद रविवार को सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान शामली के बंतीखेड़ा गांव पहुंचे। उन्होंने दिवंगत कलाकार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने हत्याकांड पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घटना को गंभीर बताया।
विधायक अतुल प्रधान ने अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी और अन्य परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

अतुल प्रधान ने हत्याकांड को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि खुलेआम दूसरे प्रदेश से आकर बदमाश संगीन वारदातों को दिनदहाड़े ही अंजाम दे रहे हैं। सरेआम लोगों के बीच हत्या की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं भाजपा की कानून व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों की पोल खोल रही हैं।
उन्होंने कहा कि एक युवा कलाकार की इस तरह हत्या होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। अंकित बालियान की हत्या के बाद से ही उनके परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिचितों ने भी घटना पर दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
