एनकाउंटर के बाद बंतीखेड़ा पहुंचे जयंतः कहा-अधूरा नहीं, पूरा इंसाफ होगा

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पिता सतबीर फौजी और परिजनों से मिले रालोद प्रमुख जयंत चौधरी, बोले-योगी सरकार गंभीर

शामली। जनपद शामली के बंतीखेड़ा निवासी गायक अंकित बालियान के दो हत्यारों सुमित और मोहित को पुलिस व एसटीएफ ने सोमवार तड़के ढेर कर दिया। इस मामले में दो बदमाश सत्यम और आर्यन अभी फरार है। एनकाउंटर के बाद अंकित के मूल गांव बंतीखेड़ा पहुंचे केन्द्रीय मंत्री और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलेगा, योगी सरकार पूरी तरह से गंभीर है। अंकित हत्याकांड में अधूरा नहीं पूरा न्याय होगा।

रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह सोमवार को शामली के गांव बंतीखेड़ा पहुंचे और अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी व अन्य परिजनों से मुलाकात की। केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जयंत चौधरी ने कहा कि सरकार इस मामले पर पूरी तरह गंभीर है। आज दो हत्यारों को एनकाउंटर में मारा गया है, बाकी हत्यारों और साजिश करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  पहली ही रात में दुल्हन छोड़ लापता हो गया दूल्हा, खतौली में सनसनी

रालोद सुप्रीमो एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने अंकित के पिता सतबीर सिंह फौजी से उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात के दौरान पूरी घटना की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। जयंत सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी और पार्टी की संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। जयंत सिंह ने कहा कि अंकित एक कलाकार था और उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था तभी कायम रह सकती है, जब लोगों का व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

इसे भी पढ़ें:  बिहार बंद के दौरान सीतामढ़ी SP पर हमला, छपरा में लाठीचार्ज, पटना में भी बवाल

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस मामले को लेकर उनकी बातचीत हुई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस घटना को लेकर पहले ही दिन से गंभीर थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रयास पहले दिन से ही जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने का रहा है। जयंत सिंह ने कहा कि आज के समय में पुलिस को अपना काम करने की पूरी आजादी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों तक जल्द पहुंचेगी और परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करेगी। परिजनों से मुलाकात के दौरान जयंत सिंह ने अंकित बालियान की पत्नी सीमा से भी मिलकर उनको भरोसा दिलाया कि वह इस दुख की घड़ी में पूरे परिवार के साथ हैं और न्याय की लड़ाई में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल सिंह बालियान, विधायक शामली प्रसन्न चौधरी और अन्य रालोद नेता भी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  ब्रह्मा बाबा का संदेश विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूती देता हैः जयंती बहन
Share This Article