अंकित हत्याकांडः शूटरों के एनकाउंटर पर नरेश टिकैत ने उठाए सवाल

बंतीखेडा पहुंचकर अंकित की तेरहवीं में भाकियू प्रमुख बोले- ‘एनकाउंटर में शामिल पुलिस टीम से मिलकर पूछना चाहता हूं दो सवाल, झूठी वाहवाही गले नहीं उतर रही

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित हत्याकांड में हरियाणा निवासी बताए जा रहे दो शूटरों के पुलिस एनकाउंटर में ढेर कर दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एनकाउंटर को लेकर उनके मन में कई सवाल हैं और वह उस पुलिस टीम से मिलना चाहते हैं, जिसने दोनों शूटरों को मुठभेड़ में ढेर किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एनकाउंटर को लेकर की जा रही ‘झूठी वाहवाही’ उन्हें गले नहीं उतर रही है।

जनपद शामली के गांव बंतीखेड़ा में सतबीर सिंह फौजी के आवास पर उनके पुत्र अंकित की बुधवार को रस्म तेरहवीं के अवसर पर आयोजित शोकसभा में खुले मंच से अपने विचार रखते हुए नरेश टिकैत ने कहा कि अंकित हत्याकांड बेहद दुखद घटना है। भारतीय किसान यूनियन और पूरा समाज घटना के पहले दिन से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते और वह हमेशा ऐसे अपराधों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  LOKSABHA ELECTION-मुजफ्फरनगर और बिजनौर सीटों पर बुजुर्गों-दिव्यांगों ने डाले वोट

भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि इस मामले में कहने को बहुत कुछ है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी इच्छा उस पुलिस टीम से मिलने की है, जिसने अंकित हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटरों का एनकाउंटर किया। उन्होंने कहा कि यदि शामली पुलिस अधीक्षक या समाज उचित समझे तो वह अकेले ही एनकाउंटर में शामिल सभी पुलिसकर्मियों से मिलकर दो सवाल करना चाहते हैं, और उनका जवाब पाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम से मुलाकात के लिए शामली पुलिस अधीक्षक की ओर से बुलावा आना चाहिए। नरेश टिकैत ने कहा कि किसी मामले में केवल वाहवाही हासिल करने के लिए कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। अंकित के परिवार ने अपना होनहार बेटा खोया है और इस दुख की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में मजबूती देने की कामना करते हुए कहा कि पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-पारस एनक्लेव के फ्लैट में लगी आग, कुत्ते और तोतों की मौत

शोकसभा के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में भी नरेश टिकैत ने कहा कि अंकित हत्याकांड से बड़ी दुखद घटना नहीं हो सकती। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि शूटरों के एनकाउंटर की कहानी लोगों के गले नहीं उतर रही है। उनका कहना था कि घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर के दायरे में दोनों शूटरों को पुलिस ने घेर लिया और एनकाउंटर में ढेर किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  नो हेलमेट-नो फ्यूलः मुजफ्फरनगर में पेट्रोल पम्पों पर कट रहे चालान

नरेश टिकैत ने कहा कि उनका व्यक्तिगत मानना है कि एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों का पुलिस को जवाब देना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वह एनकाउंटर में शामिल पुलिस टीम से स्वयं मिलना चाहते हैं, ताकि उनके मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई में पारदर्शिता जरूरी है और केवल वाहवाही के लिए की गई कार्रवाई उचित नहीं मानी जा सकती। अंकित हत्याकांड में शूटर बताए जा रहे सोनीपत निवासी सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित उर्फ पंडित पुत्र महेश शर्मा के एनकाउंटर को लेकर इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने एनकाउंटर की जांच की मांग की थी। अब नरेश टिकैत ने भी एनकाउंटर की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस से उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की है।

Share This Article