आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान, मुजफ्फरनगर में जश्न

मंत्री कपिल देव के साथ कर्मियों ने सैनिक कल्याण बोर्ड में आयोजित कार्यक्रम में लाइव सुना मुख्यमंत्री का संबोधन

मुजफ्फरनगर। सैनिक कल्याण बोर्ड में बुधवार को लखनऊ से आयोजित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीसीओएस) के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि समेत उनके हित में कई सुविधाओं और कल्याणकारी प्रावधानों की घोषणा की। मुजफ्फरनगर में इस घोषणा पर जश्न नजर आया और आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को कार्यक्रम की विभिन्न योजनाओं एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई।

इसे भी पढ़ें:  अयोध्या की मिल्कीपुर पर अभी नहीं होगा चुनाव

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल रहे। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक और विभिन्न कल्याणकारी प्रावधानों के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके साथ ही निगम के नए लोगो, वेबसाइट और पोर्टल के लोकार्पण कार्यक्रम में भी भाग लिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके पारिश्रमिक में वृद्धि और कल्याणकारी सुविधाओं का विस्तार कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी आउटसोर्स कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

इसे भी पढ़ें:  मुज़फ्फरनगर में सड़क हादसा और आत्महत्या से कोहराम, एक दिन में चार की मौत

कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं का लाभ भी दिया गया। इस अवसर पर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। उनके कार्य की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया गया। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के सम्मान, अधिकार, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में लिए गए निर्णय से उन्हें आर्थिक और सामाजिक स्तर पर मजबूती मिलेगी। सरकार का उद्देश्य श्रमशक्ति को सम्मान देने के साथ ही उन्हें बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और लाभार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

इसे भी पढ़ें:  धूमधाम से मना टाउन हॉल श्रीबालाजी मंदिर का 25वा स्थापना दिवस
Share This Article