एम.जी. पब्लिक स्कूल में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

योग-प्राणायाम, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल मैच के जरिए छात्र-छात्राओं ने दिया फिट इंडिया का संदेश

मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल में शनिवार को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए फिट इंडिया प्रोग्राम से जुड़ने को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और ‘फिट शरीर, एकाग्र मन, मजबूत देश का संदेश दिया।

प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिगा गर्ग ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा योग एवं प्राणायाम की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई। छात्राओं ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को प्रदर्शित किया। उनकी प्रस्तुति ने सभीें को नियमित रूप से योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। योग प्रदर्शन के माध्यम से प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया अभियान का संदेश भी दिया गया।

इसे भी पढ़ें:  भाकियू अराजनैतिक ने सीएम योगी से किसानों के लिए मांगी ‘बड़ी राहत’

इसके साथ ही विद्यालय के छात्रों ने बॉक्सिंग बाउट का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने बॉक्सिंग के विभिन्न कौशल एवं तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए खेलों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और शारीरिक फिटनेस के महत्व को दर्शाया। बॉक्सिंग प्रदर्शन ने उपस्थित विद्यार्थियों में खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का उत्साह पैदा किया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-अफसरों की अनदेखी से नाराज किसानों ने घेरा विकास भवन

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के बीच बासकेट बॉल मैच का भी आयोजन किया गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ मैच का आनंद लिया और अपने साथियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने अपने संदेश में कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ शारीरिक गतिविधियों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ और एकाग्र मन का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे प्रतिदिन कुछ समय खेल, योग या व्यायाम के लिए अवश्य निकालें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर स्वयं के साथ-साथ देश को भी मजबूत बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

इसे भी पढ़ें:  कलेक्ट्रेट में पंचायत सहायक ने आत्मदाह का प्रयास किया, सिविल डिफेंस जवान की सतर्कता से टला हादसा
Share This Article