मुजफ्फरनगर-खेत में मिला युवक का सड़ा-गला शव, परिजनों ने किया हंगामा

10 दिन से लापता था भैंसी गांव का 24 वर्षीय युवक अतुल, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

मुजफ्फरनगर। कस्बा खतौली थाना क्षेत्र के गांव भैंसी में 29 अगस्त से लापता 24 वर्षीय अतुल पुत्र संत्रपाल का सड़ा-गला शव मंगलवार सुबह हाईवे के पास ईख के खेत से बरामद होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में रोष है, जबकि परिजनों ने पुलिस पर युवक की तलाश में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाते हुए मौके पर हंगामा भी किया। परिजनों का कहना है कि गुमशुदगी की सूचना के बाद पुलिस ने युवक की तलाश के लिए कोई भी गंभीरता नहीं दिखाई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्यवाही की मांग की हे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-पुलिस भर्ती परीक्षा से शहरी व्यवस्था धड़ाम

खतौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भैंसी हाईवे के पास ईख के खेत में ग्रामीणों को एक युवक का शव पड़ा मिला। शव सड़ चुका था और मौत कई दिन पहले होने की संभावना जताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान भैंसी गांव से दस दिन से लापता युवक अतुल के रूप में होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि अतुल के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। ग्रामीणों और परिजनों ने दो दिन पहले मुजफ्फरनगर एसएसपी से भी मुलाकात कर अतुल की तलाश कराने की मांग की थी।

इसे भी पढ़ें:  योगी सरकार से  बांध और तहसील मांगने को सड़क पर उतरे राकेश टिकैत

शव मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे और अतुल की पहचान के बाद परिजनों ने मौके पर ही हंगामा किया। ग्रामीणों ने भी रोष व्यक्त करते हुए हत्या के आरोप लगाये और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। खतौली थाना प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि अतुल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

इसे भी पढ़ें:  छपार में नकली मावा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 कुंतल मावा नष्ट
Share This Article