सदर बाजार से पति को खाना देकर लौट रही थीं दो बहनें, पीछे से आए बदमाश ने झटका मारकर कान से छीना सोने का कुंडल
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की साकेत कॉलोनी स्थित पुलिस चौकी के पास मुख्य मार्ग पर बाइक सवार बदमाश ने एक महिला के कान से सोने का कुंडल झटककर लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, साकेत कॉलोनी निवासी महिला शर्मिष्ठा पत्नी अजमेर सिंह अपनी बहन के साथ सदर बाजार स्थित अपने पति के मेडिकल स्टोर पर खाना देने गई थी। दोनों बहनें खाना देकर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान साकेत रोड पर पीछे से बाइक सवार एक अज्ञात बदमाश आया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश ने झटका मारकर उसके एक कान से सोने का कुंडल छीन लिया।

अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गई। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गया। महिला और उसकी बहन ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाश की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस बाइक सवार बदमाश के आने-जाने वाले रास्तों की फुटेज भी तलाश रही है।
साकेत रोड जैसे मुख्य मार्ग पर महिला के साथ कुंडल लूट की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दिन के समय भी बदमाश इस तरह की वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो रहे हैं, जिससे महिलाओं और राहगीरों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। मामले में महिला के पति अजमेर सिंह ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
