मौलाना की तहरीर पर सनातनी वॉरियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सनातनी वॉरियर नाम से फेसबुक आईडी चलाने वाले आरोपी लोकेश के खिलाफ आईटी एक्ट में केस दर्ज, माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले एक मामले ने तनाव का माहौल पैदा किया तो पुलिस ने जीरो टोलरेंस की नीति पर काम किया। एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान कासमी की तहरीर पर पुलिस ने सनातनी वॉरियर नाम से बनी फेसबुक आईडी पर अभद्र टिप्पणी वाली पोस्ट करने वाले आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
फेसबुक पर सनातनी वॉरियर नाम से बनी एक प्रोफाइल द्वारा पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब और कुरआन शरीफ के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आने के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया। इस संबंध में गुरुवार को एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान कासमी ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्मा से मुलाकात की और मामले की लिखित शिकायत सौंपी थी, इस प्रकरण में एसएसपी ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अब उसकी तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। मौलाना इमरान ने अपनी तहरीर में कहा कि सोशल मीडिया पर की गई ऐसी अभद्र टिप्पणियां न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द को भी बिगाड़ने की कोशिश हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज में नफरत फैलाने का कार्य कर रहे हैं, इसलिए इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  सिंगल यूज प्लास्टिक का सबसे बड़ा विकल्प मोल्डेड फाइबर उत्पादः पंकज अग्रवाल

एसएसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशुतोष को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। जांच के बाद पुलिस ने लोकेश पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम हरड़ थाना थानाभवन, जनपद शामली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी आशुतोष ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर तुरंत कार्रवाई की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय में रोष व्याप्त है। कई सामाजिक संगठनों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से सख्त निगरानी और सोशल मीडिया पर सक्रिय निगरानी तंत्र की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी भड़काऊ पोस्ट की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

इसे भी पढ़ें:  लुटेरे बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक घायल, तीन गिरफ्तार
Share This Article