नगरपालिका कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी, ईओ को सौंपा ज्ञापन

स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन ने 13 सितम्बर तक का दिया पालिका प्रशासन को समय, 14 सितम्बर से पालिका में कार्य बहिष्कार का ऐलान

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद के स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन ने मंगलवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अधिशासी अधिकारी (ईओ) पवन कुमार को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का निर्धारित समय में समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारी 14 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

मंगलवार को स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन नगरपालिका इकाई के अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री विकास शर्मा अन्य पदाधिकारियों व कर्मचारियों के साथ टाउनहाल स्थित ईओ पवन कुमार से उनके कार्यालय में मिले और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण नहीं अपनाने के आरोप लगाते हुए नाराजगी जताय। इस दौरान ईओ को सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने लंबित वेतन एवं अन्य देयकों का भुगतान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान सहित कई मांगें उठाईं। संगठन ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति संबंधी प्रकरणों का निस्तारण और कर्मचारियों के हित से जुड़े अन्य मामलों में भी कार्रवाई की मांग की।

इसे भी पढ़ें:  ई-कार्ट लॉजिस्टिक्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की उठाई मांग

अध्यक्ष बृजमोहन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से यही बात रखी गई है कि कर्मचारियों के हितों को लेकर 7 जुलाई को एक पत्र ईओ को सौंपकर समाधान की मांग की गई थी, लेकिन आज तक भी इस सम्बंध में संतोष जनक कदम नहींउ ठाया गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर पूर्व में भी पालिका प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में कहा गया कि 13 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं होने पर 14 सितंबर से कार्य बहिष्कार किया जायेगा। इसके साथ ही अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी। संगठन ने प्रशासन से समय रहते मांगों का निस्तारण कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में संगठन की पालिका इकाई के अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री विकास शर्मा के साथ ही मुख्य रूप से मौहम्मद सालिम, आकाशदीप, मौहम्मद नदीम, धर्मपाल सिंह और सुनील वर्मा आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में श्रद्धा भाव से मना वीर बाल दिवस

वहीं ईओ पवन कुमार ने बताया कि आज उनके कार्यालय में कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने मुलाकात की और कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें वो ही पुरानी मांग रखी गई, जबकि उनका निस्तारण किया जा चुका है। पालिका प्रशासन पर आउटसोर्स कर्मचारियों का कोई भी बकाया नहीं है, इसके अलावा अन्य बिन्दुओं पर जो भी मांग रखी है, ऐसा कुछ भी नहीं है। पालिका प्रशासन पूरी तरह से कर्मचारियों के हितों को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि पालिका में हड़ताल नहीं होने दी जायेगी। कुछ कर्मचारी अनैतिक दबाव बनाने और अपनी मनमानी चलाने के लिए हड़ताल का शोर मचा रहे हैं। यदि पालिका के कर्मचारियों को बरगलाकर हड़ताल जैसा कृत्य किया गया तो ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा।

इसे भी पढ़ें:  खतौली विधायक ने ग्राम पंचायत पाल में राजकीय इंटर कॉलेज निर्माण की उठाई मांग
Share This Article