नई मंडी पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा, 125 किलो एल्युमिनियम पार्ट्स, विद्युत तार, हथियार और दो कारें बरामद
मुजफ्फरनगर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नई मंडी थाना पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ भी हुई, जिसमें तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच अवैध तमंचे, कारतूस, विद्युत तार के दो बंडल, करीब 125 किलोग्राम एल्युमिनियम पार्ट्स और चोरी के सामान के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कार्पियो व वैगनआर कार बरामद की हैं।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, पिछले दिनों जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरण चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। घटनाओं के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में नई मंडी थाना पुलिस को 11 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर बागोवाली के पास आयशर वर्कशाप के पीछे एक अंतरजनपदीय गिरोह के कुछ सदस्य चोरी का सामान बेचने के उद्देश्य से एकत्रित हैं।

सूचना मिलते ही नई मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और संदिग्ध लोगों की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा कर दोबारा घेराबंदी की और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बावजूद आरोपियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग की। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। इनकी पहचान चांद उर्फ समर पुत्र मोहम्मद उमर, दानिश पुत्र काशिफ और कय्यूम पुत्र नईम के रूप में हुई। तीनों को घायल अवस्था में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया, जिसमें तीन अन्य आरोपियों चेतन चौधरी पुत्र उपेंद्र चौधरी, अली उर्फ इकबाल पुत्र कमाल अहमद और मोनिश खां पुत्र मतलूब को भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि मंडी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे, 315 बोर के जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा विद्युत तार के दो बंडल और करीब 125 किलोग्राम एल्युमिनियम पार्ट्स भी मिले हैं। पुलिस ने मौके से एक स्कार्पियो और एक वैगनआर कार भी बरामद की है। बरामद सामान को विद्युत उपकरणों की चोरी से जोड़कर पुलिस गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।
शातिर बदमाशों ने कई जनपदों में की थी चोरी की वारदात
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और अंतरजनपदीय गिरोह के रूप में काम करते हैं। प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न जनपदों में विद्युत तार, उपकरण और ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ में घायल तीन आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम द्वारा विद्युत चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
