सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सड़क दूधली में छापा मारा। टीम ने कोहिनूर फूड्स से 5,797 किलो खाद्य सामग्री सीज की। 4,125 किलो रंगीन कचरी और 1,672 किलो मैदा जब्त किया। सीज किए गए सामान की कुल कीमत करीब 1.92 लाख रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कचरी और मैदा के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. चमन लाल के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सड़क दूधली स्थित कोहिनूर फूड्स पर कार्रवाई की।
टीम को यहां दानिश खाद्य कारोबार करते मिले। दुकान और परिसर में रखे सामान की जांच के दौरान बिक्री के लिए तैयार रंगीन कचरी की 275 बोरियां मिलीं। इन बोरियों में कुल 4,125 किलो कचरी थी, जिसकी कीमत करीब 1,44,375 रुपये बताई गई। टीम ने तैयार कचरी के साथ इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले मैदा का भी नमूना लिया। इसके बाद सभी 275 बोरियों को सीज कर खाद्य कारोबारी की देखरेख में रखवा दिया गया। जांच के दौरान मौके पर 38 बोरियों में 1,672 किलो मैदा भी मिला। इसकी कीमत करीब 48,488 रुपये बताई गई है। सैंपल लेने के बाद विभाग ने पूरा मैदा भी सीज कर दिया, जिससे कोहिनूर फूड्स से कुल 5,797 किलो खाद्य सामग्री जब्त हुई।
