राष्ट्रवाद का अलख जगाने को चेयरमैन जहीर तैयार, सूली वाला बाग तक गूंजेंगे देशभक्ति गीत

पुरकाजी नगर पंचायत बोर्ड बैठक में जहीर फारूकी के नेतृत्व में विकास और व्यवस्थाओं पर हुआ मंथन, कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं से लेकर 15 अगस्त की तैयारियों तक की समीक्षा

मुजफ्फरनगर। चेयरमैन जहीर फारूकी एडवोकेट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई पुरकाजी नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में नगर के विकास, सफाई व्यवस्था और आगामी राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बीती कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पंचायत की ओर से की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सामने आई कमियों को दूर करने के लिए अगले वर्ष की यात्रा को लेकर अभी से रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया गया।

नगर पंचायत बोर्ड की बैठक का आयोजन चेयरमैन जहीर फारूकी की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ। बैठक में 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। नगर पंचायत क्षेत्र को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आकर्षक ढंग से सजाने का निर्णय लिया गया। सूली वाला बाग से रोडवेज बस स्टैंड तक अतिरिक्त स्पीकर लगाए जाएंगे, जिन पर देशभक्ति के गीतों का प्रसारण शुरू किया जाएगा। इससे नगर का माहौल स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंगा नजर आएगा।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल का सीबीएसई 12वीं परीक्षा परिणाम शानदार रहा

बोर्ड बैठक में हाल ही में संपन्न हुई कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पंचायत द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। चेयरमैन जहीर फारूकी ने यात्रा के दौरान सामने आई कमियों पर चर्चा करते हुए कहा कि अगले वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। इसी क्रम में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर आवश्यक रूपरेखा और प्रस्ताव तैयार करने पर सहमति बनी।

इसे भी पढ़ें:  मां के साथ 40 लाख की ठगी: दो बेटों के खिलाफ कराई एफआईआर

बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी चर्चा हुई। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, ताकि नगर को स्वच्छ रखने के लिए लोगों में जिम्मेदारी की भावना बढ़ाई जा सके। नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी और व्यवस्था को प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

बारिश के दौरान नगर के कुछ हिस्सों में होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर भी बोर्ड सदस्यों ने चर्चा की। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया। नगर के विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। बोर्ड बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा के अलावा लिपिक समर काजमी, सभासद विकसित, रजनेश, फहमीदा, निसार अहमद, इशरत जहां, शाहआलम गौड, इस्तखार उर्फ लाल्ला, आतिफ खान, शबनम, नदीम अहमद, फरजाना, आजाद फरीदी, आलम कुरैशी, विशाल और मसरूर खान सहित निर्वाचित सभासद मौजूद रहे। मनोनीत सभासदों में रजत गोयल और पप्पू धीमान ने भी बैठक में भाग लिया।

इसे भी पढ़ें:  2017 फायरिंग केस में नीरज बवाना की देवबंद कोर्ट में पेशी, कचहरी परिसर छावनी में तब्दील
Share This Article