उड़ीसा से आई पति की वीडियो-किन्नर को आठ महीने पहले छोड़ा, पत्नी को नहीं दिया तलाक

तीन बच्चों के पिता ने वीडियो जारी कर दी पत्नी के आरोपों पर सफाई, कहा-बच्चों के लिए कमाने आया था, किन्नर ने की परिवार की मदद

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में तीन बच्चों की मां राबिया के आरोपों को लेकर अब उसके पति का वीडियो सामने आया है। पति ने राबिया को ही बेवफा बताया और किन्नर को मददगार के तौर पर पेश करने के लिए अपनी बात रखी है। राबिया ने पिछले दिनों पुलिस कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया था कि उसका पति उसे और तीन बच्चों को छोड़कर जोया नाम की ट्रांसजेंडर के साथ चला गया और उसे तीन तलाक दे दिया। अब ओडिशा में काम कर रहे पति ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे वीडियो जारी कर इन आरोपों से इंकार किया है।

आर्यपुरी निवासी पति इस्तिखार बेग का कहना है कि जोया के साथ उसकी दोस्ती और पुराने संबंध जरूर थे, लेकिन दोनों करीब आठ महीने पहले ही अलग हो चुके हैं। उसने तीन तलाक देने के आरोप को भी गलत बताया। पति ने कहा कि राबिया आज भी उसकी पत्नी है और वह उसके साथ ही रहना चाहता है। उसका दावा है कि दोनों के बीच विवाद हुए हैं, लेकिन उसने पत्नी को तलाक नहीं दिया। पति ने वीडियो में दावा किया कि राबिया को उसके और जोया के संबंधों के बारे में पहले से जानकारी थी। उसके मुताबिक, जोया ने राबिया का ब्यूटी पार्लर खुलवाने में आर्थिक मदद की थी और काफी समय तक उसके खर्च भी उठाए थे। पति का कहना है कि जोया और राबिया के बीच भी परिचय था और पत्नी को पूरे मामले की जानकारी थी। पति ने यह भी दावा किया कि जोया से उसकी मुलाकात किसी बाहरी व्यक्ति के जरिए नहीं, बल्कि राबिया के भाई ने ही कराई थी। उसके अनुसार, इसी मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती हुई और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध बने।

इसे भी पढ़ें:  12 दिसम्बर को तहसील घेरेंगे ग्रामीणः ‘बारिश में गिरे हुए घरों का मुआवजा न मिलने से आक्रोश

पति ने जोया की पहचान को लेकर भी अपनी सफाई दी। उसका कहना है कि जोया पहले किन्नर के रूप में पहचानी जाती थी, लेकिन बाद में उसने जेंडर से जुड़ी चिकित्सकीय प्रक्रिया कराई और अब खुद को महिला के रूप में पहचानती है। पति ने दावा किया कि इस प्रक्रिया पर करीब पांच लाख रुपए खर्च हुए। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पति ने कहा कि राबिया को भी जोया से जुड़े इस पूरे मामले की जानकारी पहले से थी। पति के मुताबिक, राबिया ने जोया से जुड़े कुछ वीडियो वायरल किए थे। इसके बाद उसकी नौकरी चली गई। उसने दावा किया कि मुजफ्फरनगर में काम नहीं मिलने पर वह ओडिशा चला गया, जहां फिलहाल फल के गोदाम में काम कर रहा है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-टेलर ने छपवा लिया महिला सभासद का फर्जी लैटर पेड

राबिया की बीमारी को लेकर भी पति ने दावा किया कि उसकी पत्नी दो गंभीर बीमारियों से जूझ रही है। उसके अनुसार, राबिया के इलाज का खर्च भी जोया उठाती रही है। पति का कहना है कि राबिया की लगातार बढ़ती आर्थिक मांगों और बार-बार पैसे मांगने से परेशान होकर जोया ने करीब आठ महीने पहले उससे संबंध खत्म कर लिए थे। इससे पहले राबिया पुलिस कार्यालय पहुंची थी। उसने पति पर तीन तलाक देने और जोया के साथ चले जाने का आरोप लगाया था। राबिया ने अपने पास मौजूद वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराने की बात भी कही थी। अब पति का वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। राबिया जहां पति पर तीन तलाक और उसे छोड़ने का आरोप लगा रही है, वहीं पति तलाक देने से इनकार करते हुए उसके साथ रहने की बात कह रहा है। जोया से संबंध, आर्थिक लेनदेन और अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति उपलब्ध साक्ष्यों और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इसे भी पढ़ें:  शहर के समग्र विकास के लिए विभागों ने बनाई संयुक्त रणनीति
Share This Article