सहारनपुर। सहारनपुर में 21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मेला गुघाल की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह और एसपी सिटी व्योम बिंदल ने सीसीटीवी निगरानी, मजबूत बैरिकेडिंग, पेयजल, सफाई, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अग्निसुरक्षा की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
मेला गुघाल की तैयारियों की विभागवार समीक्षा
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल के साथ नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, लोक निर्माण और अग्निशमन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एडीएम ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए। मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगेगा
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला परिसर में आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। लोगों तक आवश्यक सूचना पहुंचाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाएगा।
मेले में आने वाले लोगों की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा गया है। पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करने तथा दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगवाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि मेला परिसर में बिजली के तार खुले या नीचे लटके नहीं होने चाहिए। दुकानदारों और संचालकों को नियमानुसार विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता के निर्देश
मेला अवधि के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौसम को देखते हुए मेला परिसर और आसपास के नाले-नालियों की सफाई कराने के साथ फॉगिंग एवं एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा।
पेयजल और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने को कहा गया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि मेला परिसर में गंदगी या जलभराव के कारण श्रद्धालुओं और अन्य आगंतुकों को परेशानी न हो।
खाद्य पदार्थों की होगी जांच
मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी। प्रसाद विक्रेताओं को प्रसाद ढककर रखने और स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य पदार्थ बनाने वाले स्टॉल सुरक्षित टीन शेड के नीचे एक निर्धारित स्थान पर लगाए जाएंगे।
सभी खाद्य दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
तकनीकी परीक्षण के बाद ही चलेंगे झूले
लोक निर्माण विभाग को मेले में लगने वाले झूलों का तकनीकी परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना अनुमति किसी झूले अथवा अन्य अस्थायी ढांचे को स्थापित नहीं करने दिया जाएगा। झूलों की संरचना और संचालन की सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें चलाने की अनुमति दी जाएगी।
अग्निशमन विभाग को आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में अग्निशमन वाहन और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। मेला परिसर में खाद्य स्टॉल और अन्य दुकानें इस तरह लगाई जाएंगी कि आपात स्थिति में दमकल वाहनों तथा एंबुलेंस को पहुंचने में परेशानी न हो।
एडीएम ने मेले में संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
