सुभाष हत्याकांड का खुलासाः प्रेमी के पिता की हत्या में एक दबोचा, मुख्य आरोपी फरार

प्रेम प्रसंग की रंजिश में दिनदहाड़े गोली मारकर की गई थी युवक के पिता की हत्या, पीनना बाईपास पर मिला था शव

मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से उपजी रंजिश में युवक के पिता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम किनौनी निवासी सुभाष सिंह की हत्या के मामले में बन्टी उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया गया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एसएसपी संजय वर्मा के मुताबिक, 15 सितंबर को कोतवाली नगर क्षेत्र में पिन्ना गांव के पास शामली रोड पर ग्राम किनौनी निवासी सुभाष सिंह पुत्र रणवीर, उम्र करीब 50 वर्ष, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-जहीर फारूकी ने समाज सुधार को बनाई पंचों की टीम

उन्होंने मीडिया को प्रेस वार्ता में बताया कि घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और आरोपियों की तलाश के दौरान गठित पुलिस टीमों ने नामजद आरोपी बन्टी उर्फ राहुल पुत्र उधल उर्फ उदयवीर, निवासी ग्राम किनौनी, थाना शाहपुर, उम्र करीब 40 वर्ष, को 16 सितंबर को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

इसे भी पढ़ें:  पुलिस ने किसान नेता को किया हाउस अरेस्ट, किसान संगठनों में नाराजगी

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश सामने आई है। कुछ दिन पहले ग्राम किनौनी निवासी एक युवक और युवती, जो एक ही जाति के बताए गए हैं, प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि युवक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 15 सितंबर को युवती पक्ष की ओर से युवक के पिता सुभाष सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  KHULASA-सौतेली मां के नाम तीन करोड़ की सम्पत्ति करने से नाराज बेटों ने कराई पिता की हत्या

गिरफ्तार आरोपी बन्टी उर्फ राहुल के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। वहीं, घटना में नामजद अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार और कांस्टेबल विद्याराम, कोतवाली नगर शामिल रहे।

Share This Article