मुजफ्फरनगर में मंगलवार को हाईवे पर आएंगे नितिन नबीन, जौली बाईपास पर टाटा मोटर्स के पास अब सुबह 8.30 बजे होगा भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आगामी 22 सितंबर, मंगलवार को मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि मेरठ से सहारनपुर जाते समय राष्ट्रीय अध्यक्ष जौली बाईपास पर टाटा मोटर्स के पास रुकेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रातः 8 बजे खतौली में चीतल ग्रांड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया जाएगा और उसके बाद सुबह 8.30 बजे जौली बाईपास स्थित टाटा मोटर्स के पास स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां पर वो एक सभा को भी सम्बोधित करेंगे, पहले यहां उनके आगमन का कार्यक्रम सुबह दस बजे तय था और यहां पर ठहरने का कोई कार्यक्रम नहीं था, क्योंकि उनको सहारनपुर में पहुंचना है, वहां उनकी सभा का कार्यक्रम पहले से तय है। लेकिन कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुजफ्फरनगर में रुकने का अपना कार्यक्रम तय किया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने जिले के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जौली बाईपास पहुंचने और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करने का आह्वान किया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील भी की गई है।
