संत रविदास को सम्मान देने पर मंत्री अनिल ने जताया सीएम का आभार

जनपद भदोही का नाम पुनः संत रविदास नगर करने पर सीएम से की मंत्री ने भेंट, कहा-सामाजिक समरसता का दिया संदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री और मुजफ्फरनगर की सुरक्षित पुरकाजी विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जनपद भदोही का नाम पुनः संत रविदास नगर किए जाने के निर्णय पर बधाई दी और आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर हुई इस मुलाकात के दौरान मंत्री ने इस फैसले को संत रविदास के करोड़ों अनुयायियों की भावनाओं और जनआकांक्षाओं के सम्मान से जुड़ा कदम बताते हुए कहा कि मुख्मयंत्री ने इस निर्णय से सामाजिक समरसता के विचार को मजबूत बनाने का काम किया है।

इसे भी पढ़ें:  9 जून को मनाया जायेगा श्री पंचमुखी बालाजी सेवा संघ का 11वां वार्षिक उत्सव

मंत्री अनिल कुमार के अनुसार, बहुजन समाज पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में जनपद भदोही का नाम बदलकर संत रविदास नगर किया गया था। इसके बाद समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान जिले का नाम फिर से भदोही कर दिया गया। इसके बाद जब भाजपा की सरकार सत्ता में आई तो लगातार समाज के द्वारा ये मांग उठाई जा रही थी। कई बार हमने भी इसको शासन और सरकार तक पहुंचाने का काम किया। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद का नाम पुनः संत रविदास नगर किए जाने के निर्णय का उन्होंने स्वागत किया।

इसे भी पढ़ें:  युवाओं का कौशल निखारकर रोजगार के अवसरों से जोड़ना सरकार का संकल्पः कपिल देव

मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से दूर रहने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे में जनपद का नाम संत रविदास नगर किए जाने का निर्णय उनके अनुयायियों के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को सम्मान मिलेगा। उन्होंने इसे जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया। मुलाकात के दौरान संत संदीप खत्री रविदासाचार्य और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी भी उपस्थित रहे। इस दौरान संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर भी चर्चा हुई।

इसे भी पढ़ें:  उप्र उद्योग व्यापार संगठन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी का स्वागत
Share This Article