शाकुम्भरी देवी से ज्योत ला रहे चार श्रद्धालुओं की हादसे में मौत

सहारनपुर में देवबंद के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली में कैंटर ने मारी टक्कर, पदयात्रा में शामिल 15 श्रद्धालु घायल

सहारनपुर। कस्बा देवबंद में सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर से माता की ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं को बर्तनों से भरे तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। कैंटर पदयात्रा में माता का गुणगान करते हुए चल रहे श्रद्धालुओं को कुचलते हुए पीछे उकनी ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी तीव्र टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक घायल हुए हैं। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार के बीच राहगीरों ने घायलों को सड़क से हटाया। पुलिस ने उनको अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंचे।

इसे भी पढ़ें:  डीएम पर विवादित टिप्पणी में आजम खां दोषी.... दो साल कैद और 20 हजार का लगा जुर्माना

सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए लौट रहे श्रद्धालुओं को बर्तनों से भरे कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी मृतक मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के निवासी बताए गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सहारनपुर और मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने कैंटर के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के करीब 18 लोग सात अक्तूबर को सहारनपुर जनपद में स्थित सिद्धपीठ शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे सभी माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए वापस लौट रहे थे। देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर श्रद्धालुओं ने रस्सी का घेरा बनाकर कुछ देर आराम करने के लिए रुकने का निर्णय लिया। इसी दौरान पीछे से आए बर्तनों से भरे कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

इसे भी पढ़ें:  अफसरशाही के आगे मंत्री बेबस, जनता के सवालों के बीच घिरे कपिल देव

इस भयंकर हादसे में कुशावली गांव निवासी रमेश (40), सागर (34), अमन (23) और सतेंद्र कुमार की मौत हो गई। वहीं, 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अपनी गाड़ियों, बाइकों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सीओ देवबंद अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने कैंटर के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के संबंध में आगामी विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  दुल्हैंडी पर सड़कों पर उतरा कालः तीन हादसों में चार की मौत
Share This Article