एटा- बाइक सवार तीनों युवक फिरोजाबाद से एटा की ओर आ रहे थे। अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौके पर मौत हो गई। आशू ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। आशू की मां नीतू की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यूपी के एटा में टूंडला रोड पर शुक्रवार की देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दो की मौके पर मौत हो गई जबकि तीसरे ने मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों रिश्ते में भाई थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में चीखपुकार मच गई। तीनों बिना हेलमेट के थे। हेलमेट होता तो जान बच सकती थी।एटा के निधौली कलां क्षेत्र के गांव मुमिया खेड़ा निवासी आशू (19) पुत्र सर्जन सिंह की दो बुआ फिरोजाबाद के ककरऊ कोठी, सत्यनगर, थाना उत्तर क्षेत्र में रहती हैं। पांच दिन पहले आशू बुआ के घर गया था। शनिवार को आशू की दादी का श्राद्ध था। इसके लिए वह शुक्रवार की रात को गांव मुमियाखेड़ा के लिए चला। उसके साथ बुआ के बेटे करन (18) पुत्र शीलेंद्र, सुमित (20) पुत्र सौदान सिंह भी थे। तीनों बाइक से टूंडला की तरफ से आ रहे थे। अवागढ़ क्षेत्र में चुरथरा मोड़ के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी।
