मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा 19 अक्टूबर को अपने कमरे में मृत मिली मामला आत्महत्या का बताया गया है। घटना के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छात्रा हरियाणा की रहने वाली थी। सूचना मिलने के बाद मंसूरपुर थाना पुलिस और एसपी सिटी अमृत जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस के मुताबिक, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने छात्रा के कमरे एवं घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
छात्रा के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।
कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
पुलिस ने घटना के संभावित कारण को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। किसी सुसाइड नोट की बरामदगी अथवा छात्रा की निजी परिस्थितियों के संबंध में भी आधिकारिक बयान में उल्लेख नहीं किया गया है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिसर में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
