कांवड़ यात्रा में बिछड़ा 12 वर्षीय बालक, नई मंडी पुलिस ने सकुशल खोज निकाला

सिसौना-बागोवाली मार्ग पर मिला बालक, पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिखाई संवेदनशीलता

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ के बीच बिछड़े 12 वर्षीय बालक को नई मंडी पुलिस ने कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर लिया। बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू कर दी और सिसौना से बागोवाली के बीच मार्ग पर बालक को खोज निकाला। पुलिस ने उसकी कुशलक्षेम पूछने के साथ जलपान कराया और परिजनों के साथ रवाना किया। बालक के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।

इसे भी पढ़ें:  कार में मिला एसडीओ का शव, मुंह से बह रहा था खून

जानकारी के अनुसार रविवार को थाना नई मंडी क्षेत्र के बागोवाली चौराहे पर पुष्पेंद्र कुमार निवासी गौशाला नदी रोड, थाना कोतवाली नगर ने पुलिस को सूचना दी कि उनके मित्र कपिल के साले का 12 वर्षीय पुत्र भोला लविश कांवड़ यात्रा के दौरान कहीं बिछड़ गया है। बालक अपने फूफा कपिल के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहा था। थाना छपार क्षेत्र में भीड़ के बीच वह साथ से अलग हो गया और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।

इसे भी पढ़ें:  भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा शहर

बालक के बिछड़ने की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस टीम गठित कर बालक की तलाश शुरू की गई। कांवड़ यात्रा के चलते मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और संबंधित मार्गों पर सघन खोजबीन की। पुलिस टीम की तत्परता और लगातार तलाश का परिणाम कुछ ही समय में सामने आया। टीम ने 12 वर्षीय भोला लविश को सिसौना से बागोवाली के बीच मार्ग से सकुशल बरामद कर लिया। बालक के मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान और कुशलक्षेम की जानकारी ली। इसके बाद उसे सूचना देने वाले पुष्पेंद्र कुमार और उनके साथी देवेंद्र कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने से परिवार के साथ मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया।

इसे भी पढ़ें:  खतौली मंगलसूत्र चोरी से महिला दहशत में
Share This Article