16 अगस्त को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से होगी शुरुआत, युवाओं के साथ जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी होंगे शामिल
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में समर्पित युवा समिति एवं समर्पित महिला शक्ति की ओर से आयोजित ‘जज्बा दौड़-12’ को लेकर शहर के एक रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। आयोजकों ने बताया कि 16 अगस्त को सुबह छह बजे राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से करीब चार किलोमीटर की दौड़ शुरू होगी। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
समर्पित युवा समिति के अमित पटपटिया और समाजसेवी सत्यप्रकाश रेशू के द्वारा बताया गया कि लड़कों की दौड़ की शुरुआत गेट नंबर-2 और करीब 15 मिनट बाद लड़कियों की दौड़ गेट नंबर-1 से होगी। दोनों दौड़ें शहर के प्रमुख मार्गों से होकर वापस राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में पहुंचेंगी। यहां राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी तथा लकी ड्रॉ के माध्यम से स्कूटर, साइकिल सहित अनेक पुरस्कार दिए जाएंगे।
कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जज्बा दौड़ युवाओं में राष्ट्रप्रेम और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मुजफ्फरनगर की धरती हमेशा देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों के लिए आगे रही है। जज्बा दौड़ में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाएगी। उन्होंने समर्पित युवा टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज को जोड़ने वाले एक कार्यक्रम को एक दशक से ज्यादा समय से निरंतरता प्रदान करना वास्तव में प्रशंसनीय कार्य है। नगरपालिका की ओर से आयोजन में समस्त आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि दौड़ के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, चिकित्सा, एंबुलेंस और पेयजल की व्यवस्थाएं की गई हैं। दौड़ महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, जिला अस्पताल, घास मंडी, अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी, कोर्ट रोड और प्रकाश चौक से होते हुए वापस मैदान में पहुंचेगी। इसके अलावा 12 अगस्त को शाम चार बजे गांधी वाटिका, गांधी कॉलोनी से ‘जज्बा-12 बाइक रैली निकाली जाएगी। इसका शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अन्य लोग करेंगे। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से हितेश आनंद, अंकुर जैन, मनीष भारती, अजय अनेजा, गुलशन अरोड़ा, हरिश अरोरा, राजकुमार ग्रोवर, गौरव नारंग, कार्तिक कपिल, अगम बंसल, अनिकेत गुप्ता, संदीप राज, मनी पटपटिया, अंशु बाठला, पारूल कुमार, मेघा बाठला सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और समर्पित युवा टीम के सदस्य मौजूद रहे।
