शेरपुर के जंगल में नकाबपोश बदमाशों का आतंक, युवक से मोबाइल लूटा

छह बदमाशों पर मारपीट और बाइक तोड़ने का आरोप, सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगल में की तलाश

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर-दीदाहेड़ी मार्ग पर बुधवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन लूट लिया और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की। वारदात के दौरान एक युवक के बाजू पर डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल में बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।

शेरपुर निवासी पीड़ित गुफरान ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ शहर में हादसे में घायल हुए रिश्तेदार को देखने गया था। बुधवार की रात करीब 11 बजे दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शेरपुर और दीदाहेड़ी के बीच जंगल के रास्ते में अचानक खेत से निकले एक युवक ने बाइक चला रहे उसके साथी के चेहरे पर टॉर्च मारी। इसके बाद दूसरे बदमाश ने डंडे से वार किया, जो मोटरसाइकिल पर लगा। इससे दोनों युवक गिर गए और बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। गुफरान के अनुसार, बदमाशों की संख्या करीब छह थी और सभी ने कपड़े से अपने चेहरे ढक रखे थे। वह किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर पीछे की ओर भाग गया। इसके बाद बदमाशों ने उसके साथी से मोबाइल फोन छीन लिया, उसकी पिटाई की और मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश में जंगल में कांबिंग की। हालांकि, देर रात तक आरोपियों का पता नहीं चल सका। सीओ सिटी एवं एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीडिया को बताया कि 28 अक्टूबर की रात ग्राम शेरपुर के जंगल में मोटरसाइकिल सवार से अज्ञात बदमाशों द्वारा मोबाइल छीनने की सूचना मिली थी। कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही इसका खुलासा किया जायेगा।

इसे भी पढ़ें:  तितावी में भीषण सड़क हादसे में युवक की मौके पर मौत
Share This Article